H

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- हरीश रावत भूल जाएं... कांग्रेस को 2029 तक नहीं मिलेगी एक भी सीट

By: Sanjay Purohit | Created At: 15 April 2024 10:45 AM


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि रिकॉर्ड मतों से पांचों लोकसभा सीटों पर कमल खिलेगा। कहा कि हरीश रावत भूल जाएं, 2029 तक एक भी सीट कांग्रेस को नहीं मिलेगी।

bannerAds Img
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एक भी सीट जीतने का सपना न देखें। वह भूल जाएं कि कांग्रेस को 2029 तक भी कोई भी सीट नसीब होगी। हम हर मोर्चे पर कांग्रेस से आगे हैं। कांग्रेस नेता तो चुनाव लड़ने से बचते रहे। भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी कतार थी। प्रत्याशी उतारने से लेकर प्रचार तक कांग्रेस हमारे आसपास भी नहीं है। हमने पांचों सीटों पर 75 प्रतिशत से अधिक वोट प्राप्त करने की रणनीति बनाई है। भाजपा पांचों सीटों पर रिकॉर्ड जीत हासिल करेगी और और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में उत्तराखंड से पांच कमल डालेगी।

यह प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व और विजन का ही परिणाम है कि हमारा देश व राज्य तेजी से तरक्की की ओर बढ़ रहा है। विपक्ष भी बदलते और विकसित होते भारत और उत्तराखंड को देखकर प्रभावित है और भाजपा में शामिल हो रहा है। यह एक स्वाभाविक घटना है। हमें कहीं से किसी को लाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।