H

विजय संकल्प रैली में योगी का कांग्रेस पर हमला, कहा- देश की समस्याओं का नाम कांग्रेस है

By: Sanjay Purohit | Created At: 14 April 2024 10:49 AM


भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हल्द्वानी में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किे और कहा कि देश की समस्याओं का नाम कांग्रेस है।

bannerAds Img
नैनीतालः भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हल्द्वानी में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किे और कहा कि देश की समस्याओं का नाम कांग्रेस है। आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद और भ्रष्टाचार सभी समस्याएं कांग्रेस की देन हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के राज में इन समस्याओं का पूरी तरह से समाधान कर दिया है। देश को वैश्विक पहचान मिली है और देश ने नई ऊंचाइयों को छूआ है।

योगी ने आगे कहा कि अयोध्या का विवाद भी कांग्रेस की देन है। कांग्रेस ने शीर्ष अदालत में शपथ पत्र देकर राम और कृष्ण के अस्तित्व को नकारते हुए कहा था कि राम और कृष्ण हुए ही नहीं। हमने राम और कृष्ण की विरासत को स्वीकारा है और अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण किया। यही नहीं केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम को भी नई पहचान दी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के समय जातिवाद की राजनीति होती थी। अराजकता हावी थी और तुष्किरण चरम पर था। आज आमूलचूल परिवर्तन देखने को मिल रहा है। यह सब जनता के वोट ने किया है। आज प्रधानमंत्री के राज में एक भारत, श्रेष्ठ भारत के दर्शन हो रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड की धरती को महापुरूषों को जन्म देने वाली भूमि कहा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि उप्र के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत, नारायण दत्त तिवारी और हेमवती नंदन बहुगुणा जैसे महापुरूषों को इसी धरती ने जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के कंकड़ कंकड़ में शंकर हैं और मैं ऐसी धरती को कोटि-कोटि नमन करता हूं। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि मेरा बचपन उत्तराखंड में ही बीता है। दूर दूर जाकर पीने के लिए पानी लाना पड़ता था लेकिन आज हर घर नल, हर घर जल योजना से 90 प्रतिशत घरों में पानी पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि उप्र में पहले बमबाजी होती थी। आज हर हर के उद्घोष के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है। अपराधियों को गलतफहमी होती थी कि उप्र में अपराध कर उत्तराखंड भाग जाएंगे लेकिन मैं उन्हें इस लायक छोड़ूंगा ही नहीं कि वह उत्तराखंड की पवित्र भूमि को अपवित्र कर सकें।