नारायण त्रिपाठी की विंध्य जनता पार्टी मप्र में 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जल्द घोषित होंगे उम्मीदवार
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 25 October 2023 02:40 PM
विंध्य जनता पार्टी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। विंध्य क्षेत्र की सभी 30 सीटों पर जल्द ही उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सभी दलों ने अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही सभी उम्मीदवार जनता के बीच जा कर अपने लिए मतदान की अपील कर रहे हैं। वहीं विंध्य जनता पार्टी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। विंध्य क्षेत्र की सभी 30 सीटों पर जल्द ही उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे। VJP के प्रमुख नारायण त्रिपाठी ने यह फैसला लिया है।
नारायण त्रिपाठी VJP से चुनाव लड़ेंगे
मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी आज चुनावी रणनीति को लेकर खुलासा करेंगे। एमपी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने और टिकट नहीं मिलने के बाद मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने खुद की पार्टी विंध्य जनता पार्टी (VJP) से ही चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। हाल ही में उनकी पार्टी को निर्वाचन आयोग ने चुनाव चिन्ह आवंटित किया है।
मैं विंध्य निर्माण के लिए लगा हूं
आपको बता दें कि, नारायण त्रिपाठी मैहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं विंध्य क्षेत्र की 30 सीटों समेत प्रदेश की 40 विधानसभा सीट पर प्रत्याशी उतारेंगे। विंध्य जनता पार्टी भोपाल और इंदौर में भी अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारेगी। VJP प्रमुख नारायण त्रिपाठी ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि, किसी दल के साथ मुझे ना जोड़ा जाए। मैं विंध्य निर्माण के लिए लगा हूं और इसके लिए राजधानी भोपाल में हूं, जल्द ही आप सबके बीच आऊंगा।
बीजेपी ने काटा था नारायण का टिकट
आपको बता दें कि, भारतीय जनता पार्टी ने 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए नारायण त्रिपाठी का टिकट काट दिया था और उनकी जगह पर श्रीकांत चतुर्वेदी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने मैहर से नारायण की बजाय धर्मेश घई को उम्मीदवार घोषित किया है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस से निराशा हाथ लगने के बाद नारायण त्रिपाठी ने अपनी ही पार्टी VJP से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।