Rajasthan Weather: राजस्थान में कोहरा और सर्द हवा से बढ़ी सर्दी, माउंट आबू, चूरू और सीकर में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे लुढ़का
By: payal trivedi | Created At: 16 November 2023 04:48 PM
उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा से राजस्थान (Rajasthan Weather) में सर्दी बढ़ गई है। राज्य के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

Jaipur: उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा से राजस्थान (Rajasthan Weather) में सर्दी बढ़ गई है। राज्य के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। रात और सुबह हल्की सर्द हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। अधिकांश शहरों में दिन-रात का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि राजस्थान में अब सर्दी का आगाज हो गया है। हालांकि कड़ाके की सर्दी नवंबर के आखिरी में शुरू होगी। सीकर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज हुआ है। यहां गुरुवार सुबह हल्का कोहरा छाया नजर आया।
इन जिलों में छाया हल्का कोहरा
श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनूं, बीकानेर और चूरू के कुछ एरिया में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा भी छाया नजर आया। कोहरा पड़ने और हल्की सर्द हवा चलने से जैसलमेर, बीकानेर और चूरू में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। बीकानेर और जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इन जिलों में सीजन का सबसे कम तापमान रहा। इधर, सीकर, माउंट आबू, चूरू और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा ठंडी रात माउंट आबू की रही, जहां का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में 7.5 और चूरू में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
जयपुर में मौसम साफ, हवा चलने से ठिठुरन बढ़ी
राजधानी जयपुर में आज सुबह (Rajasthan Weather) से मौसम साफ है और धूप निकली हुई है। यहां न्यूनतम तापमान कल के मुकाबले एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले जयपुर में बुधवार को दिनभर बादल और हल्की धुंध रही। जयपुर में इस समय न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आ गए हैं।
दिन भी होने लगे ठंडे
राजस्थान में बाड़मेर (Rajasthan Weather) को छोड़ दें तो कल सभी शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। चूरू और पिलानी में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे अब दिन भी ठंडे होने लगे हैं। अमूमन ये तापमान दिसंबर के आखिरी या जनवरी के पहले-दूसरे सप्ताह में रहता है। चूरू में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। यहां नवंबर का औसत तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहता है। इसी तरह पिलानी, जैसलमेर, अजमेर, भीलवाड़ा और बीकानेर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जिससे यहां दिन में भी लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे हैं।