साक्षी महाराज बोले - ये देश जितना हिंदुओं का है उतना ही मुसलमानों का, मुसलमान पुराने हिंदू हैं
बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि, भगवान श्रीराम मुसलमानों के पूर्वज हैं। मुसलमान पुराने हिंदू हैं।
बीजेपी सांसद साक्षी महाराज अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। बीजेपी सांसद ने कहा कि, भगवान श्रीराम मुसलमानों के पूर्वज हैं। मुसलमान पुराने हिंदू हैं। उन्होंने कहा कि, इस बात को अब मुस्लिम समुदाय धीरे-धीरे समझने लगा है। महाराज के इस बड़े बायन के बाद एक बार फिर से मुसलमानों के सनातन धर्म से जुड़े होने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
ये देश जितना हिंदुओं का है उतना मुसलमानों का भी है
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता साक्षी महाराज ने कहा कि, इकलौते हम है जो सर्वे भवंतु सुखिन: सर्वे संतु निरामया, सर्वे भद्राणि पश्यन्तु की धारणा के साथ समस्त संसार के कल्याण की बात करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा कि, मुसलमान अरब देश से नहीं आए हैं, वे यहीं के रहने वाले हैं, ये देश जितना हिंदुओं का है उतना मुसलमानों का भी है।
गठबंधन I.N.D.I.A.सनातन धर्म को समाप्त करने लिए बना है
विपक्ष के गठबंधन I.N.D.I.A. पर तीखा हमला बोलते हुए बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि, ये गठबंधन सत्य सनातन वैदिक हिंदू धर्म को समाप्त करने लिए बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी के नेता ने कहा कि, ये भ्रष्टाचारियों का ठगबंधन है। महाराज ने विपक्षी दलों के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, इसमें ज्यादातर वे लोग हैं, जो देश का इस्लामीकरण, ईसाईकरण करना चाहते हैं। ये वही लोग हैं जो मजहब के नाम पर बंटवारा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि, अगर जवाहर लाल नेहरू न होते तो देश का बंटवारा नहीं हुआ होता।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है
वहीं देश को हिंदू राष्ट्र बनाए जाने के सवाल पर बीजेपी नेता साक्षी महाराज ने अपने ही अंदाज में कहा कि, भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। उन्होंने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि, मजहब के नाम पर ही देश का बंटवारा हुआ। अब इस सच्चाई को खुद मुसलमान भी मानने लगे हैं कि, जो मुसलमान यहां हैं वे अरब से नहीं बल्कि यहीं के हैं। भगवान श्रीराम उनके पूर्वज हैं।