सपा के साथ मतभेद के बीच कमलनाथ ने दी प्रतिक्रिया, कहा- हमने पूरा प्रयास किया, लेकिन...
By: Richa Gupta | Created At: 27 October 2023 11:06 AM
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच कोई बात नहीं बनी। इस बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने गुरुवार को इसे लेकर सफाई दी है।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच कोई बात नहीं बनी। इस बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने गुरुवार को इसे लेकर सफाई दी है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि हमने गठबंधन करने की कोशिश की। यह सीटों की संख्या के बारे में नहीं था, बल्कि सवाल यह था कि कौन सी सीटें दी जाएं। हमारे लोगों ने कहा कि इन सीटों पर भाजपा को फायदा मिल जाएगा। ऐसी स्थिति में यह संभव नहीं हुआ।
6 सीटों की मांग की थी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि हमने बातचीत की, पूरा प्रयास भी किया, लेकिन अपने कार्यकर्ताओं को ये सीटें देने के लिए राजी नहीं कर सके। बता दें कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर 6 सीटों की मांग की थी। इसको लेकर कांग्रेस के कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह ने सपा नेताओं के साथ चर्चा भी की और एक प्रस्ताव भी तैयार किया था, लेकिन दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन नहीं हो पाया।
अखिलेश यादव ने जताई थी नाराजगी
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस से सीटें नहीं मिलने की स्थिति पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि बात भरोसे की है। कांग्रेस इसी तरह की बात करेगी तो कौन उसके साथ खड़ा होगा। पहले पता होता कि कांग्रेस एक सीट भी नहीं देगी तो हम नेताओं को भेजते ही नहीं।