पीसीसी चीफ कमलनाथ का दावा - मैं भी कर सकता था सौदा, लेकिन...
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 14 November 2023 10:52 AM
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने दावा किया है कि, आज मध्यप्रदेश का हर वर्ग परेशान है। भटकता नौजवान, परेशान किसान, छोटा व्यापारी परेशान है।

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 में बयार उफान पर है। बीजेपी-कांग्रेस के शीर्ष नेता चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए लगातार रैलियां व जनसभा कर रहे हैं। वहीं दोनों ही दलों के नेताओं के द्वारा एक दूसरे पर जमकर शब्द रूपी वाणी की बौछार कर रहे है। इसी क्रम में एमपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने बीजेपी व सीएम शिवराज सिंह पर जोरदार हमला बोला है।
आज मध्यप्रदेश का हर वर्ग परेशान है
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने दावा किया है कि, आज मध्यप्रदेश का हर वर्ग परेशान है। भटकता नौजवान, परेशान किसान, छोटा व्यापारी परेशान है। भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया है। आज एमपी का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या फिर गवाह और प्रदेश की जनता इन सब बातों को पहचान रही है और इस बार मतदाताओं में भी परिवर्तन आया है। उन्होंने आगे अपने संबोधन में आगे कहा कि, पांच साल पहले जो समझ थी, दस साल पहले जो समझ थी उसके अपेक्षा आज का मतदाता काफी समझदार हो चुका है।
मैं भी कर सकता था सौदा, लेकिन...
वहीं पिछली बार सरकार बनने और गिरने के सवाल पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि, पिछली बार सौदेबाजी हुई। सौदा किया गया। विधायक उनके पास आते थे और बताते थे कि, करोड़ो रूपये मिल रहे है। पीसीसी चीफ ने आगे दावा करते हुए कहा कि, वह चाहते तो वह भी यह कर सकते थे, लेकिन सौदेबाजी करके कुर्सी पर बैठने को तैयार नहीं थे।