कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा पर सीएम शिवराज सिंह का तंज, बोले - जिनके खिलाफ आक्रोश है वह आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 17 September 2023 03:41 PM
सीएम शिवराज सिंह ने कांग्रेस पर कसा तंज, बोले - जिन्होंने जनता की सुविधा छीनी थी, जिनके खिलाफ आक्रोश है, वह आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं।

BJP द्वारा निकाली जा रही "जन आशीर्वाद यात्रा" का जवाब कांग्रेस "जन आक्रोश यात्रा" से देने जा रही है। आपको बता दें कि, कांग्रेस द्वारा 19 सितंबर से एक साथ सात जन आक्रोश यात्राएं निकाली जाएंगी। "जन आक्रोश यात्रा" में कांग्रेस के बड़े नेता शामिल होंगे, इस दौरान अनेक जगह आमसभा का भी आयोजन होगा। बड़े क्षेत्रों में आयोजित जन आक्रोश यात्रा के दौरान आमसभा को कांग्रेस के बड़े नेता संबोधित करेंगे। वहीं अब कांग्रेस की इस यात्रा पर एमपी के सीएम शिवराज सिंह ने कटाक्ष किया है।
कांग्रेस की "जन आक्रोश यात्रा" पर सीएम शिवराज सिंह का तंज
कांग्रेस की "जन आक्रोश यात्रा" पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसते हुए कहा है कि, एक तो जनता का आक्रोश देखकर उन्होंने इंडि की रैली कैंसिल कर दी। उनको पता था कि, भोपाल में रैली होगी तो क्या होने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि, लोग आक्रोशित थे सनातन धर्म का अपमान किया गया है। मैडम सोनिया गांधी राहुल बाबा अभी तक चुप है। दिग्गी और कमलनाथ भी कुछ नहीं बोल रहे हैं, इसी डर से वह रैली तो कैंसल कर दी।
जिनके खिलाफ आक्रोश है, वह आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं
एमपी के मुखिया यहीं नहीं रुके आगे कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, जिनको जनता आशीर्वाद दे रही है, वह आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। जिन्होंने जनता की सुविधा छीनी थी, जिनके खिलाफ आक्रोश है, क्योंकि इन्होंने केंद्र और राज्य की योजनाएं बंद कर थी हमारी। जिनके खिलाफ आक्रोश है, वह आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं। आपको बता दें कि, इसी साल के अंत तक एमपी में विधानसभा चुनाव होना है। चुनावी साल में दोनों ही दलों के नेताओं के बीच खूब जुबानी तीर चलाए जा रहे हैं।