H

23 मार्च को धामी सरकार के दो वर्ष होंगे पूरे, BJP करेगी व्यापक प्रचार

By: Sanjay Purohit | Created At: 22 March 2024 10:19 AM


उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्रित्व वाली सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के सभी जनपदों में वरिष्ठ नेताओं की पत्रकार वार्ता आयोजित करेगी।

bannerAds Img
देहरादूनः उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्रित्व वाली सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के सभी जनपदों में वरिष्ठ नेताओं की पत्रकार वार्ता आयोजित करेगी। यह जानकारी बुधवार को पार्टी के देहरादून स्थित मीडिया सेंटर में प्रमुख प्रवक्ता सुरेश जोशी ने दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न सर्वे बता रहे हैं, हम 60 प्रतिशत मतों, अर्थात फर्स्ट डिवीजन से पास हो रहे हैं लेकिन हमारा लक्ष्य 75 प्रतिशत मत हासिल करना है।

लोकसभा चुनाव के लिए बने इस प्रदेश मीडिया सेंटर में नियमित प्रेस ब्रीफिंग की शुरुआत करते हुए जोशी ने बताया कि 17 अप्रैल तक समसामयिक राजनैतिक विषयों एवं पार्टी के आगामी चुनावी कार्यक्रमों की जानकारी यहां से दी जाएगी। उन्होंने बताया कि चूंकि 23 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार अपना दो वर्ष का कार्यकाल पूरा करने जा रही है, लिहाजा पार्टी अपनी सरकार के जन कल्याणकारी और विकास कार्यों एवं ऐतिहासिक निर्णयों को लेकर जनता के बीच जा रही है, जिसके अंतर्गत, इस दिन प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेता पत्रकारों से संवाद करेंगे, जो लोकसभा चुनाव की दृष्टिगत बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके माध्यम से राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं एवं चहुमुखी विकास कार्यों को हम जन जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।