H

आचार्य प्रमोद कृष्णम का बड़ा बयान - राहुल गांधी को तो पाकिस्तान से चुनाव लड़ना चाहिए क्योंकि...

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 05 May 2024 12:05 PM


प्रमोद कृष्णम ने कहा कि, प्रियंका गांधी का चुनाव न लड़ना कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के दिल में ज्वालामुखी धधक रहा है, 4 जून के बाद फटेगा।

bannerAds Img
जब से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यूपी की रायबरेली लोकसभा सीट से नामांकन का पर्चा दाखिल किया तब से NDA उन पर हमलावर है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि, वो अमेठी से डरकर भाग गए और रायबरेली को चुनाव लड़ने के लिए चुना है। वहीं अब कभी प्रियंका गांधी के करीबी रहे आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने के फैसले पर तंज कसा है।

राहुल गांधी को पाकिस्तान से चुनाव लड़ना चाहिए

कांग्रेस पार्टी से निष्कासित नेता आचार्च प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि, अमेठी में हार के डर से राहुल गांधी ने रायबरेली से लड़ने का फैसला किया लेकिन हकीकत ये है कि, रायबरेली में भी राहुल गांधी हारेंगे। कृष्णम ने आगे कहा कि, राहुल जिस तरह की राजनीति कर रहे हैं, उसे देखते हुए हिंदुस्तान में तो उनकी सियासत कमज़ोर हो गई है। ऐसे में राहुल के लिए बेहतर ये होगा कि, वो पाकिस्तान से चुनाव लड़ें क्योंकि उनकी पॉलिटिक्स के फैन हिंदुस्तान से ज्यादा पाकिस्तान में हैं।

दो खेमों में बंट जाएगी कांग्रेस - प्रमोद कृष्णम

कल्कीधाम के पीठाधीश्वर प्रमोद कृष्णम का दावा है कि, जिस तरह प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ने से रोका जा रहा है, जिस तरह प्रियंका गांधी को अमेठी, रायबरेली या सुल्तानपुर से टिकट नहीं दिया गया, उससे कांग्रेस के भीतर एक धड़े में बहुत नाराज़गी है। उन्होंने आगे कहा कि, राहुल गांधी के बोलने पर प्रियंका गांधी के कांग्रेस की सियासत में आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। ऐसे में अगर कांग्रेस के लिए चुनाव नतीजे बुरे आते हैं तो 4 जून के बाद पार्टी के भीतर दो गुट बन जाएंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी खेमे के नेता अलग-अलग हो जाएंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल में ज्वालामुखी धधक रहा है

उन्होंने अपने इस बयान में कांग्रेस सांसद पर हमला बोलते हुए कहा कि, राहुल गांधी की ये पलायनवादी नीति है कि, उन्होंने अमेठी को छोड़ा है। देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है। प्रमोद कृष्णम ने कहा कि, प्रियंका गांधी का चुनाव न लड़ना कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के दिल में ज्वालामुखी धधक रहा है, 4 जून के बाद फटेगा। कल्कीधाम के पीठाधीश्वर ने इस दौरान यह भी कहा कि, देश की आजादी के बाद कांग्रेस का एक और विभाजन सुनिश्चित है। कांग्रेस दो धाराओं में बंट जाएगी एक धारा राहुल गांधी का होगा एक धारा प्रियंका गांधी का।