H

पहली बार लोकसभा जाएंगे कई केंद्रीय मंत्री और फिल्म एक्टर

By: Sanjay Purohit | Created At: 07 June 2024 07:53 AM


लोकसभा चुनाव के बाद अब इंतजार नई सरकार का है। मोदी 3 मे किसे जगह मिलेगी इसे लेकर चर्चा का दौर तेज है। इस बार लोकसभा की तस्वीर बदली-बदली दिखेगी। पहली बार कई केंद्रीय मंत्री और फिल्म एक्टर लोकसभा जाएंगे।

bannerAds Img
लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम नतीजे आ चुके हैं। 543 सीटों वाली लोकसभा में इस बार भी बड़ी संख्या में ऐसे विजेता हैं, जो पहली बार निचले सदन के सदस्य होंगे। इनमें मोदी सरकार 2.0 के कई केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, फिल्मी कलाकार तो शामिल हैं ही, साथ ही विवादों में रहने वाले कई उम्मीदवार भी चुनाव जीते हैं। पिछली सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे भूपेंद्र यादव, डॉ. मनसुख मांडविया, पुरषोत्तम रूपाला पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं और ये राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। इसके अलावा कई और केंद्रीय मंत्री भी चुनाव जीत गए हैं, जो पूर्व मुख्यमंत्री भी रहे हैं।

फिल्मी कलाकार और राजघराने से जुड़े उम्मीदवार भी जीते

हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से बीजेपी उम्मीदवार कंगना रनौत जीत गई हैं। वहीं रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरूण गोविल मेरठ से चुनाव जीते हैं। केरल में बीजेपी केवल एक सीट जीती है और केरल में बीजेपी की सीट का खाता खोलने वाले अभिनय से जुड़े और पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित होने वालों में केरल की त्रिशूर सीट से सुरेश गोपी भी शामिल हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने महाराष्ट्र में डिंडोरी सीट से स्कूल शिक्षक भास्कर भागरे को मैदान में उतारा था और भागरे ने केंद्रीय मंत्री भारती पवार को हरा दिया है। पूर्व राजघरानों के सदस्य जो पहली बार लोकसभा के सदस्य बने हैं, उनमें छत्रपति शाहू, यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार (मैसूर) और कृति देवी देबबर्मन (त्रिपुरा पूर्व) शामिल हैं।