H

सागर की घटना पर बरसे राहुल गांधी, बोले- दलित परिवार के साथ भाजपा नेताओं ने जो किया वो सोच कर ही मन पीड़ा और क्रोध से भर गया

By: Richa Gupta | Created At: 28 May 2024 11:22 AM


मध्य प्रदेश के सागर में दलित परिवार के साथ हुई क्रूरता की घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार को घेरते हुए जमकर निशाना साधा।

bannerAds Img
मध्य प्रदेश के सागर में दलित परिवार के साथ हुई क्रूरता की घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार को घेरते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कानून का राज खत्म कर दिया है। मध्यप्रदेश में इस दलित परिवार के साथ भाजपा नेताओं ने जो किया है वो सोच कर ही मन पीड़ा और क्रोध से भर गया।

न्याय को दौलत और ताकत का मोहताज नहीं बनने देंगे

राहुल गांधी ने कहा यह शर्म की बात है कि भाजपा के राज में सरकार पीड़ित महिलाओं की जगह हमेशा उनके गुनहगारों के साथ खड़ी मिलती है। ऐसी घटनाएं हर उस इंसान की हिम्मत तोड़ देती हैं जिसके पास इंसाफ की गुहार लगाने के लिए सिवाय कानून के और कोई रास्ता नहीं होता। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं, कि हम एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जहां कमजोर से कमजोर व्यक्ति भी अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज मजबूती से उठा सकेगा। हम न्याय को दौलत और ताकत का मोहताज नहीं बनने दे सकते।

यह है पूरा मामला

दरअसल यह पूरा मामला सागर जिले की खुरई विधानसभा के बरोदिया नोनागिर गांव का है। जहां पांच दबंगों ने एक शख्स को मार-मारकर घायल कर दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। चाचा का शव लेकर जा रही भतीजी पुलिस की मौजूदगी में बीच रास्ते में अचानक एंबुलेंस से गिर गई जिससे उसकी भी मौत हो गई। मृतिका दलित लड़की के भाई को बीते साल बदमाशों ने सरेआम मौत के घाट उतार दिया था। बीते साल युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। बीच बचाव करने गई मां के साथ भी बर्बरता की गई थी।