बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर का फिर विवादित बयान - पोटैशियम साइनाइड से की रामचरितमानस की तुलना
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 15 September 2023 12:58 PM
मंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि, अगर आप पचपन तरह के व्यंजन परोसेंगे और उसमें पोटेशियम साइनाइड मिला देंगे तो क्या होगा, हिंदू धर्मग्रंथों का भी यही हाल है।

BIHAR NEWS - देश की राजनीति में सनातन धर्म पर टिप्पणी करने का चलन बढ़ गया है। विपक्ष की तरफ से लगातार हिंदू धर्म व सनातान धर्म को लेकर विवादित बयान जारी है। पहले उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू मलेरिया जैसे बीमारी से की तो उन्हीं के पार्टी के नेता डी. राजा ने इसे एड्स बताया। वहीं RJD नेता जगदानंद भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी सनातन धर्म को बुरा-भला कहा। अब सनातन धर्म विवाद में बिहार के शिक्षा मंत्री की भी एंट्री हो गई है।
हिंदू धर्मग्रंथों में मिला है पोटेशियम साइनाइड - चंद्रशेखर
बिहार के शिक्षा मंत्री चन्द्रशेखर यादव अक्सर ही अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में छाए रहते है। अब एक बार फिर चन्द्रशेखर ने सनातन धर्म की तुलना घातक पोटैशियम साइनाइड से की है। इससे पहले भी उन्होंने रामचरितमानस पर भी विवादित बयान दिया था। हिंदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार के मंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि, अगर आप पचपन तरह के व्यंजन परोसेंगे और उसमें पोटेशियम साइनाइड मिला देंगे तो क्या होगा, हिंदू धर्मग्रंथों का भी यही हाल है।
मुझे रामचरितमानस पर आपत्ति है - चंद्रशेखर
नीतीश कुमार के मंत्री चंद्रशेखर यादव ने यहां अपने बयान में आगे ने कहा कि, बाबा नागार्जुन और लोहिया ने भी धर्म पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि, मुझे रामचरितमानस पर आपत्ति है और जीवन भर मैं इसका विरोध करूंगा। इतना ही नहीं शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि, जब तक गटर में गिरने वालों की जातियां नहीं बदली जाएंगी, तब तक इस देश में आरक्षण और जातीय जनगणना की जरूरत रहेगी।