चुनावी माहौल में प्रचार नही आत्मचिंतन करेंगी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती
By: Richa Gupta | Created At: 27 October 2023 08:46 AM
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने विधानसभा चुनाव में प्रचार से दूरी बना ली है। उमा भारती ने अपने बयान में कहा कि, ओरछा रामराजा सरकार को माथा टेक कर हिमालय के लिए निकल जाऊंगी।

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने विधानसभा चुनाव में प्रचार से दूरी बना ली है। उमा भारती ने अपने बयान में कहा कि, ओरछा रामराजा सरकार को माथा टेक कर हिमालय के लिए निकल जाऊंगी। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती हिमालय में करेंगी आत्मचिंतन उमा भारती ने शराब नीति को लेकर सीएम चौहान की तारीफ की। कहा, पार्टी के कामकाज को लेकर करूंगी आत्मचिंतन।
हिमालय की यात्रा का ऐलान
बता दें, उमा भारती ने हिमालय की यात्रा पर निकलने की घोषणा कर दी है। साथ ही उमा भारती ने शिवराज सरकार के एक कदम की तारीफ भी की है और दोबारा भाजपा सरकार बनने की प्रार्थना करने की बात कही है। उमा भारती ने ट्वीट कर लिखा- आज अपने जन्म स्थान ग्राम डूंडा, जिला टीकमगढ़ के लिए निकल जाऊंगी और आज से लेकर कल चतुर्दशी तक अपने मातृ कुल एवं पितृ कुल की कुल देवियों को प्रणाम करते हुए ओरछा रामराजा सरकार को माथा टेक कर हिमालय के लिए निकल जाऊंगी।
भाजपा ने कांग्रेस को 20 साल पहले ध्वस्त किया था
गुरुवार को एक्स (ट्वीट) पर पोस्ट कर लिखा कि प्रदेश में 2003 से अभी तक डेढ़ साल को छोड़कर हमारी (भाजपा) सरकार रही। लोगों के सपनों को पूरा करने के लिए भाजपा ने कांग्रेस को 20 साल पहले ध्वस्त किया था। सपने कितने पूरे हुए, उस पर हिमालय में बद्री-केदार के दर्शन करते समय करूंगी आत्म चिंतन।
आदर्श शराब नीति लाकर अभिनंदनीय कार्य किया
उमा भारती ने आगे कहा कि, इस साल में शिवराज जी ने एक आदर्श शराब नीति लाकर अभिनंदनीय कार्य किया। इन साढे तीन वर्षों के शिवराज जी के कार्यकाल में कई जनकल्याणकारी कार्यों की भी शुरुआत हुई। हमारी पार्टी के लगभग सभी उम्मीदवार घोषित हो गए, अभी मध्य प्रदेश में हमारी पार्टी का घोषणा पत्र आना बाकी है जिसके आधार पर हमारी पार्टी जनादेश मांगेगी।