स्मृति ईरानी ने साधा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पर निशाना, बोलीं - भूपेश बघेल अब दुबई के रिमोट से संचालित होंगे
स्मृति ईरानी ने कहा कि, मैं हैरान हूं। मुझे नहीं पता था कि, सत्ता पाने की लालसा के लिए सीएम बघेल अब दुबई के रिमोट कंट्रोल से संचालित होंगे।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने महादेव सट्टेबाजी ऐप को लेकर सीएम भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि, वह अब दुबई के रिमोट कंट्रोल से संचालित होंगे। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने शराबबंदी का अपना वादा पूरा न करके छत्तीसगढ़ की महिलाओं को धोखा दिया है।
अब पता चला है कि, एक रिमोट दुबई में भी पड़ा है
स्मृति ईरानी ने कहा कि, मैं हैरान हूं। मुझे नहीं पता था कि, सत्ता पाने की लालसा के लिए सीएम बघेल अब दुबई के रिमोट कंट्रोल से संचालित होंगे। अब तक तो यही कहा जाता था कि, रिमोट इटली का है, पर अब पता चला है कि, एक रिमोट दुबई में भी पड़ा है। टनाटन फोन आता है, दनादन आदमी भागता है और करोड़ों रुपये के साथ पकड़ा जाता है। बीजेपी नेत्री ने आगे कहा कि, ईडी ने दावा किया था कि, फॉरेंसिक विश्लेषण और एक ‘कैश कूरियर’ द्वारा दिए गए बयान से ‘चौंकाने वाले आरोप’ सामने आए हैं कि, महादेव सट्टेबाजी ऐप प्रवर्तकों नेसीएम भूपेश बघेल को अब तक लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया है और यह जांच का विषय है।
कांग्रेस सरकार ने पूरे छत्तीसगढ़ की महिलाओं को धोखा दिया है
केंद्रीय मंत्री स्मृति ने कहा कि, कांग्रेस सरकार ने पूरे छत्तीसगढ़ की महिलाओं को धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि, कांग्रेस नेता प्रदेश की भोली-भाली महिलाओं से झूठे वादे करके सत्ता में आए। शराब पर प्रतिबंध लगाने के बजाय कांग्रेस नेताओं ने शराब घोटाला कर 2,000 करोड़ रुपये लूटे और अपनी तिजोरियां भरीं। आपको बता कें कि, कोंडागांव उन 20 विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है, जहां पहले चरण के तहत 7 नवंबर को मतदान होगा।