H

फिल्मफेयर अवार्ड 2024: '12वीं फेल' का जलवा, आलिया सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, रणबीर कपूर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता

By: Sanjay Purohit | Created At: 29 January 2024 11:17 AM


अवार्ड में दबदबा विक्रांत मेस्सी अभिनीत फिल्म 12वीं फेल का रहा। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक समेत कुल चार अवार्ड मिले।

bannerAds Img
गुजरात के गांधीनगर में रविवार को आयोजित 69वें फिल्मफेयर अवार्ड समारोह में रियल पति-पत्नी रणबीर कपूर और आलिया भट्ट को उनकी फिल्म क्रमश: एनिमल और रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए अवार्ड से नवाजा गया। हालांकि अवार्ड में दबदबा विक्रांत मेस्सी अभिनीत फिल्म 12वीं फेल का रहा। इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक समेत कुल चार अवार्ड मिले। इसी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (क्रिटिक्स) के अवार्ड से अभिनेता विक्रांत मेस्सी को नवाजा गया। यह फिल्म आईपीएस मनोज कुमार शर्मा की जिंदगानी पर आधारित है।

बेस्ट डेब्यू (अभिनेत्री) का अवार्ड

वहीं बेस्ट डेब्यू (अभिनेत्री) का अवार्ड अभिनेता सलमान खान की भांजी अलीजे को फिल्म फर्रे के लिए, जबकि पुरुष श्रेणी में यह अवार्ड आदित्य रावल को फिल्म फराज के लिए दिया गया। आदित्य अभिनेता परेश रावल के बेटे हैं। फिल्म धक धक के लिए बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का पुरस्कार तरुण डुडेजा को मिला। यह पहली बार है जब अवार्ड समारोह का आयोजन गुजरात में किया गया। समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी भी मौजूद थे। फिल्म एनिमल में अर्जन वैल्ली गाने को अपनी आवाज देने वाले गायक भूपिंदर बबदल को सर्वश्रेष्ठ गायक जबकि शाहरुख खान और दीपिका पादकोण अभिनीत फिल्म पठान के बेशर्म रंग गाने के लिए शिल्पा राव को सर्वश्रेष्ठ गायिका का अवार्ड प्रदान किया गया। बेशर्म गाने में दीपिका पादुकोण द्वारा पहनी गई गेरुआ रंग की बिकनी को लेकर पिछले साल काफी विवाद भी हुआ था।