H

7-12 अप्रैल के बीच आ रहा भयानक पश्चिमी विक्षोभ, आंधी-पानी का अलर्ट

By: Sanjay Purohit | Created At: 02 April 2024 06:04 AM


मौसम विभाग ने अप्रल, मई व जून की गर्मी का फिर से पूर्वानुमान जारी किया है। इस बार ग्वालियर चंबल संभाग के आठ जिलों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

bannerAds Img
ग्वालियर। मौसम विभाग ने अप्रल, मई व जून की गर्मी का फिर से पूर्वानुमान जारी किया है। इस बार ग्वालियर चंबल संभाग के आठ जिलों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इस माह लू के थपेड़े आठ दिन तक रहेंगे। इसका पहला दौर चार से छह अप्रेल के बीच रहेगा। इसके बाद 7 से 12 अप्रेल के बीच पश्चिमी विक्षोभ गर्मी से राहत पहुंचायगे। इस बीच बूंदाबांदी व आंधी के आसार बनेंगे। दूसरे पखवाड़े तक अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात में सामान्य से काफी ऊपर होने से वार्म नाइट भी रहेगी।

भूमध्य रेखीय प्रशांत महासागर में अलनीनो की परिस्थिति बनी हुई है। प्रशांत महासागर की सतह औसत से अधिक गर्म है। मानसून सीजन में यह कमजोर पड़ जाएगा। प्रशांत महासागर का तापमान बढ़ा होने की वजह से भीषण गर्मी होने वाली है। ग्वालियर चंबल संभाग में दक्षिण पश्चिम हवा चलेगी। यह हवा अपने साथ गुजरात व राजस्थान से भीषण गर्मी लेकर आएगी। इस बार तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहने वाले हैं। अप्रेल व मई में लू के दिन भी अधिक रहेंगे।

अप्रेल का औसत तापमान 38.9 डिसे, आठ डिग्री ऊपर जाएगा

अप्रेल का औसत तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस है, लेकिन इस बार तापमान औसत से 8 डिग्री सेल्सियस ऊपर जाएगा। इससे सीवियर हीट वेव का भी सामना करना पड़ेगा। इस माह की औसत वर्षा 7.5 मिमी है। पश्चिमी विक्षोभ आने से बारिश होती है।

यहां तापमान पहुंचेगा 49 डिग्री तक

मई में गर्मी ज्यादा रहेगी। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ नहीं आएंगे। हवा में नमी नहीं रहेगी। राजस्थान की गर्म हवा की वजह से ग्वालियर में अधिकतम तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच जा सकता है। मुरैना में 48 से 49 डिग्री भी पहुंच सकता है। भिंड व दतिया 48 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस बार की गर्मी नया रिकॉर्ड बनाएगी। मई में लू के दिन 6 से 10 दिन रह सकते हैं। नौतपा के दौरान गर्मी ज्यादा रहेगी।

सामान्य से नीचे रहा तापमान, इस कारण राहत रही

जम्मू कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ गुजर चुका है। इसके बाद उत्तरी हवा चली। इस हवा के असर से सोमवार को दिन का तापमान स्थिर रहा। 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.1 डिसे कम रहा। जबकि रात का तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.5 डिसे अधिक रहा।