H

Rajasthan Election 2023: Balaknath ने वसुंधरा राजे को बताया भावी मुख्यमंत्री, नामांकन सभा में बोले BJP प्रत्याशी

By: payal trivedi | Created At: 07 November 2023 04:57 PM


तिजारा से भाजपा प्रत्याशी और सांसद महंत बालकनाथ (Rajasthan Election 2023) और बहरोड़ से भाजपा प्रत्याशी जसवंत यादव ने वसुंधरा राजे को भावी मुख्यमंत्री बताया है।

banner
Jaipur: तिजारा से भाजपा प्रत्याशी और सांसद महंत बालकनाथ (Rajasthan Election 2023) और बहरोड़ से भाजपा प्रत्याशी जसवंत यादव ने वसुंधरा राजे को भावी मुख्यमंत्री बताया है। उन्होंने कहा हमारा नेतृत्व करने वाली नेता वसुंधरा राजे हैं। इसके साथ ही बहरोड़ विधायक और कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। दरअसल सोमवार को बहरोड़ में भाजपा प्रत्याशी डॉ. जसवंत यादव की नामांकन सभा थी। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी पहुंची थीं।

राजे को बताया भविष्य की सीएम

महंत बालकनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत में वसुंधरा राजे को राजस्थान की पूर्व और आने वाले भविष्य की मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा, मैं संकल्प दोहराने आया हूं कि जो अधर्म बहरोड़ में फैला है, ऐसे अधर्मी व्यक्ति को बहरोड़ की जनता ऐसी पटखनी देगी कि आने वाली पीढ़ियां सरपंच का चुनाव लड़ने से डरेंगी। यहां के निर्दलीय विधायक और राष्ट्रीय जनता सेना के प्रत्याशी बलजीत यादव ने हमारी नई पीढ़ी को बर्बाद करने का काम किया है। सोमवार को जसवंत यादव की नामांकन सभा में वसुंधरा राजे शामिल हुई। इस दौरान महंत बालकनाथ भी सभा में पहुंचे थे।

हमको बहरोड़ को राक्षस से बचाना है- जसवंत

जसंवत यादव ने कहा- मुझे तो मैडम के नाम से ही जाना जाता है। हमको बहरोड़ को राक्षस से बचाना है। बलजीत यादव बहरूपिया है। ये रोएगा, बहकाएगा, ड्रामा करवाएगा, कहीं कुछ करेगा। वो आदमी नहीं है, इंसानियत तो उसमें है ही नहीं। एक राक्षस की वजह से सारे बदमाश बहरोड़ में आ गए। महिलाएं सुरक्षित नहीं रहीं। क्राइम बढ़ गया। कांग्रेस का तो यहां कोई वजूद नहीं है। गहलोत ने अपने स्वार्थ के लिए, अपनी सरकार बचाने के लिए यहां के विधायक से भ्रष्टाचार करवाए, जो ताडंव करवाया इसके कारण अपनी ही पार्टी को खा गए। कांग्रेस को वोट देना मतलब बलजीत को वोट देना है। जसंवत यादव ने कहा कि बिना इनके (वसुंधरा राजे) कहे कह रहा हूं कि इनको मुख्यमंत्री बना दिया तो थारो भाई डंका की चोट पर मंत्री बनेगो, पर बनूंगा तब ही जब ये बनेंगे। ये ना बनी तो मैं नहीं बन पाऊंगा। वसुंधरा राजे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां के नेता ने बहुत भ्रष्टाचार किए।

आपके नेताजी सब बेचकर खा गए- राजे

इससे पहले वसुंधरा राजे ने सांसद बालक नाथ (Rajasthan Election 2023) के पहुंचने पर चुटकी लेते हुए कहा कि हमारा संत-महात्मा साथ देते हैं। हमारा और आपका लक (भाग्य) देखो कितना अच्छा है कि आपके सांसद भी रह चुके हैं और आगे चलकर एमएलए साहब भी बनेंगे और ना मालूम आगे और कहां-कहां पहुंच जाएंगे। वसुंधरा राजे ने कहा कि आपके यहां बड़े नेताजी हैं। नेताजी ने पहले स्कूलों में खेल की सामग्री खरीद करने के लिए राशि आवंटित की, तब सब खुश हुए। उसके बाद नौकर के नाम फर्म बनाई और सरकारी स्कूलों को ढाई गुना में सामान खरीदा। सबको बेचकर खा गए। ऐसे तो पता नहीं कितने हुए हैं। उल्लेखनीय है कि बलजीत यादव पर खेल सामग्री खरीद में भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।

पेपर लीक होने से युवाओं के सपने चकनाचूर हुए

पूर्व सीएम ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा और कहा कि 19 बार पेपर लीक हुए। जिसने युवाओं (Rajasthan Election 2023) के सपनों को चकनाचूर कर दिया। जिन युवाओं ने कड़ी मेहनत की, उन्हें बेरोजगार बना दिया। स्कूलों में टीचर नहीं है। अस्पताल में डॉक्टर नहीं हैं। जो हमने कर्ज खत्म किया था, उसे फिर से 95 हजार करोड़ रुपए तक ले जाने का काम किया। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि पिछली बार पप्पू जी (राहुल गांधी) आए, 1 से लेकर 10 तक गिनती सिखाई और कहा कि हम आपके सब लोन माफ कर देंगे। जब मैं 6 महीने के बाद लोगों से मिली और पूछा क्या हुआ भाई तो उन्होंने कहा कि आपने पहले हमारा लोन माफ कर सर्टिफिकेट दे दिया था। हमने सोचा कि हमारा बचा लोन यह सरकार माफ कर देगी। हमने इस सरकार पर विश्वास कर लिया। हमें क्या पता यह झूठ बोलेगी।