कमलनाथ के चौपट प्रदेश कहने पर सीएम शिवराज का पलटवार, बोले - मेरे प्रदेश को चौपट कहने वालों चौपट करने की तुम कोशिश करते थे
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्रियों कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच मनमुटाव पर तंज कसा है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ अपने भाषणों में आरोप लगा रहे हैं कि, भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया है। इस पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कमलनाथ जी का ये प्रदेश है ही नहीं। उनको मध्य प्रदेश से लगाव है ही नहीं। वो मध्य प्रदेश को बदनाम करते हैं। चौपट प्रदेश कहना मध्य प्रदेश का अपमान है। मध्य प्रदेश की जनता का अपमान है।
मध्य प्रदेश का अपमान क्यों करते हो ?
उन्होंने आगे कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि, शिवराज से राजनैतिक बैर है तो आप मेरा अपमान करो ना, मुझे गालियां दो, मध्य प्रदेश का अपमान क्यों करते हो ? मेरे प्रदेश को चौपट कहने वालों चौपट करने की तुम कोशिश करते थे। ये वो धरा है, जहां धन संपदा, वन संपदा, खनिज संपदा, जन संपदा, प्राकृतिक संसाधन, यहां के भोले-भाले लोग, इनको चौपट कहते हो? इसके पहले भी भारत बदनाम है, कहकर इन्होंने देश का अपमान किया। ये मध्य प्रदेश और देश का अपमान प्रदेश की जनता सहन नहीं करेगी।
लूट के माल के लिए लड़ रही है जय-वीरू की जोड़ी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्रियों कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच मनमुटाव पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, ये जय और वीरू की जोड़ी है जिसे दिल्ली बुलाया गया। अब वो कहते हैं कि, भाजपा भ्रम फैला रही है तो दिल्ली क्यों बुला रही है! कांग्रेस के जय और वीरू झगड़ रहे हैं आपस में और ये लड़ रहे हैं लूट के माल के लिए।जय और वीरू तो लूटते ही थे, इनका झगड़ा है लूट के माल के लिए!
क्या दिल्ली भी इसमें शामिल है
सीएम शिवराज ने कहा कि, पहले भी 2003 तक मिस्टर बंटाढार में पूरे प्रदेश को लूटा और बर्बाद कर दिया। सवा साल में कमलनाथ जी ने भी प्रदेश को लूट का अड्डा बना दिया था।
अब आगे कौन लूटे और कितना लूटे और उसमें कितनी हिस्सेदारी हो झगड़ा इन का केवल इस बात का है। अब दिल्ली में भी पता नहीं इन पर किस मुद्दों पर चर्चा कर रही है। क्या दिल्ली भी इसमें शामिल है।