H

...तो जेल से चलेगी दिल्ली की सरकार - मंत्री आतिशी

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 07 November 2023 12:14 PM


मंत्री आतिशी ने अपने बयान में कहा कि, अगर सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है, तो वे (पार्टी) जेल से ही आधिकारिक कार्य करने की अनुमति मांगने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।

banner
आम आदमी पार्टी ने कहा कि, पार्टी के सभी विधायकों ने अरविंद केजरीवाल से दिल्ली का मुख्यमंत्री बने रहने का आग्रह किया है, भले ही उन्हें किसी भी जांच एजेंसी द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाए। पिछले हफ्ते, केजरीवाल को ED ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में तलब किया था।

केजरीवाल ही वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे

आप के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों की हालिया कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई। वहीं बैठक के बाद मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि, बैठक में मौजूद सभी विधायकों ने सीएम केजरीवाल से कहा कि, अगर वह गिरफ्तार होते हैं, तो भी वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे, क्योंकि दिल्ली की जनता ने सरकार चलाने के लिए उन्हें जनादेश दिया है।

पीएम, अरविंद केजरीवाल से डरे हुए हैं

भारद्वाज ने कहा कि, इन सभी (विधायकों) की एकमत से राय थी कि, पीएम, अरविंद केजरीवाल से डरे हुए हैं। बीजेपी जानती है कि, वह चुनाव के जरिए केजरीवाल को सत्ता से बाहर नहीं कर सकती और ऐसा सिर्फ साजिश रचकर ही किया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि, अधिकारी बैठक करने के लिए जेल में ही जाएंगे और अगर हमें बुलाया जाएगा, तो हमें जाने में खुशी होगी।

हम भी जल्द ही जेल में होंगे

उन्होंने कहा कि, हालात ऐसे लग रहे हैं कि, हम भी जल्द ही जेल में होंगे। इसलिए यह संभव हो सकता है कि, आतिशी को जेल नंबर-2 में रखा जाएगा और मुझे जेल नंबर-1 में और हम जेल के अंदर ही कैबिनेट की बैठकें करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली की जनता के लिए होने वाले कामों को रोका नहीं जाए। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने अपने बयान में कहा कि, अगर सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है, तो वे (पार्टी) जेल से ही आधिकारिक कार्य करने की अनुमति मांगने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।