H

फिर फिसली खड़गे की जुबान, बोले - राहुल गांधी ने अपनी जान दी, उनके टुकड़े-टुकड़े हो गए

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 01 April 2024 06:52 AM


रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के I.N.D.I.A गठबंधन की महारैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को शहीद बता दिया।

bannerAds Img
बीते दिन दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के I.N.D.I.A गठबंधन की महारैली का आयोजन किया गया था। इस महारैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव समेत तमाम विपक्षी दलों के गठबंधन के नेता शामिल हुए थे। इस दौरान सभी नेताओं ने रैली के मंच से केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। हालांकि, जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंच पर बोलने पहुंचे तो उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर कुछ ऐसा कह दिया जिससे अब विरोधी उनका मजाक बना रहे हैं।

खड़गे ने राहुल गांधी को बताया शहीद

रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के I.N.D.I.A गठबंधन की महारैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को शहीद बता दिया। खड़डगे ने मंच से कहा कि, हमने तो देश को आजादी दिलाने के लिए लड़ाई की, खून बहाया। देश को एक रखने के लिए इंदिरा गांधी ने अपनी जान दी। राहुल गांधी ने अपनी जान दी, उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए और वैसे ही इंदिरा गांधी ने देश को एक रखने के लिए 32 गोलियां खाईं।

बीजेपी नेता ने उठाए सवाल

वहीं अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के इस बयान पर बीजेपी चुटकी ले रही है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने खड़गे के इस वीडियो को शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए मालवीय ने लिखा है कि, देश के लिए राहुल गांधी जी ने अपनी जान दी, उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। जब तक राहुल गांधी का हिसाब नहीं कर देते, तब तक मल्लिकार्जुन खड़गे जी चैन से नहीं बैठेंगे। वीडियो से एक बात और साबित हो गई कि 5,000 लोग भी रैली में नहीं थे।