पीसीसी चीफ कमलनाथ ने मंत्रिमंडल विस्तार पर कसा तंज, ये मंत्रिमंडल नहीं, भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार है
By: Richa Gupta | Created At: 26 August 2023 09:02 AM
कैबिनेट विस्तार को लेकर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा पूरा मंत्रिमंडल बदल दे तो भी हार निश्चित है।

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले मंत्रिममंडल का विस्तार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शिवराज कैबिनेट में 4 नए मंत्री शामिल होने जा रहे हैं, जो आज सुबह 9 बजे के करीब राजभवन में शपथ लेंगे। कैबिनेट विस्तार को लेकर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा पूरा मंत्रिमंडल बदल दे तो भी हार निश्चित है।
कैबिनेट विस्तार पर तंज कसा
पूर्व मख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए शिवराज सरकार के कैबिनेट विस्तार पर तंज कसा। कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए लिखा, “जब कार्यकाल हो रहा है समाप्त और गिरने वाली है सरकार, तब मप्र में मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है। विदाई के समय स्वागत गीत गाने वाली भाजपा सरकार अब विस्तार क्या पूरा मंत्रिमंडल भी बदल दे तो भी हार निश्चित है। तंज कसते हुए कहा कि ये मंत्रिमंडल नहीं, भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार है।”
ये नाम मंत्री पद की दौड़ में शामिल
बता दें कि बालाघाट से आने वाले गौरीशंकर बिसेन और रीवा से आने वाले राजेंद्र शुक्ल का नाम मंत्री पद की दौड़ में शामिल है। अन्य जिन नामों की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेजी से चली है, वे हैं जालम सिंह पटेल और टीकमगढ जिले के खरगापुर विधानसभा से विधायक राहुल सिंह लोधी।