जनआशीर्वाद यात्रा पर कांग्रेस के गुंडों द्वारा किये गए पथराव पर बोले वीडी शर्मा, कांग्रेस का यह कृत्य दुर्भाग्य जनक
By: Richa Gupta | Created At: 06 September 2023 08:53 AM
जन आशीर्वाद यात्रा रामपुरा क्षेत्र के चैनपुरा ब्लॉक से होती हुई गांधी सागर की ओर गुजर रही थी। इसी दौरान रथ यात्रा को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।

नीमच जिले के रामपुरा क्षेत्र के राउली कुड़ी गांव में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर मंगलवार देर शाम पथराव का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक, जन आशीर्वाद यात्रा रामपुरा क्षेत्र के चैनपुरा ब्लॉक से होती हुई गांधी सागर की ओर गुजर रही थी। इसी दौरान रथ यात्रा को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इसके अलावा काफिले पर भी पथराव किया गया। यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा और मानस विधायक माधव मारू मौजूद थे।
सफलता से डरी हुई कांग्रेस गुंडागर्दी कर रही
जन आशीर्वाद यात्रा पर हमले के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है। मामले को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यात्रा की सफलता से डरी हुई कांग्रेस गुंडागर्दी कर रही है। ऐसे गुंडों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यात्रा और सफलता के साथ आगे बढ़ेगी। बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा को जनता का मिला अपार समर्थन देखकर कांग्रेस घबरा गई है। कांग्रेस के अपराधिक गुंडो जिनका गुंडागर्दी मूल चरित्र ही है। इन्होंने योजनाबद्ध तरीके से पेड़ के पीछे छिपकर हमारी यात्रा पर हमला किया। गाड़ियों के कांच तोड़ दिए। कांग्रेस का यह कृत्य दुर्भाग्य जनक है। इसकी कड़ी आलोचना करता हूं।
18 सालों में जो कर्म किये हैं उनके परिणाम सामने आ रहे
वहीं कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि बीजेपी ने जैसा किया वैसा भर रही है। 18 सालों में जो कर्म किये हैं उनके परिणाम सामने आ रहे हैं। गांधी सागर वन अभयारण्य में चीता प्रोजेक्ट से नाराज किसानों ने जन आशीर्वाद यात्रा का विरोध किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मनासा विधानसभा जिला नीमच के ग्राम रावलीकुड़ी में गांधी सागर वन्य अभयारण्य में चीता प्रोजेक्ट से नाराज किसानों ने जन आशीर्वाद यात्रा का विरोध किया और "कार्यानुसार आशीर्वाद" दिया है।