H

राजस्थान में JP Nadda बोले- कांग्रेस ने तीनों लोकों में घोटाला किया, गगन, पाताल और जल किसी को नहीं छोड़ा, वसुंधरा राजे ने कही ये बात

By: payal trivedi | Created At: 04 April 2024 06:02 AM


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने 'I.N.D.I' गठबंधन के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवार बचाओ पार्टी चल रही है। कांग्रेस ने तीनों लोकों में घोटाला किया। उन्होंने गगन, पाताल और जल किसी को नहीं छोड़ा।

bannerAds Img
Jaipur: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने 'I.N.D.I' गठबंधन के नेताओं पर निशाना (JP Nadda) साधते हुए कहा कि परिवार बचाओ पार्टी चल रही है। कांग्रेस ने तीनों लोकों में घोटाला किया। उन्होंने गगन, पाताल और जल किसी को नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा- आज देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। भारत दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हम ब्रिटेन को पछाड़ कर 5वें नंबर पर आ गए हैं। नड्‌डा बुधवार को झालावाड़ के प्रवीण शर्मा क्रिकेट ग्राउंड में झालवाड़-बारां लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दुष्यंत सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में बोल रहे थे।

'आज बदलता भारत कैसा है, गांव की तस्वीर बदल गई'

नड्डा ने कहा- दुष्यंत सिंह यहां से 5वीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। वसुंधरा राजे और दुष्यंत सिंह ने यहां जो काम किए और जनता से रिश्ता निभाया, वह आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत की भ्रष्टाचार मुक्त सरकार तेज गति से देश को विकसित बनाने का काम कर रही है। आपने पुराने समय में देखा है, जब देश में सड़कें नहीं थीं। आज बदलता भारत कैसा है। गांव की तस्वीर बदल गई। उन्होंने 'I.N.D.I' गठबंधन के नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि परिवार बचाओ पार्टी चल रही है। इन्होंने देश में कई घोटाले किए। चीनी, चावल, पनडुब्बी घोटाले किए। इन्होंने गगन नहीं छोड़ा, पाताल नहीं छोडा, जल नहीं छोड़ा, तीनों लोकों में घोटाला ही घोटाला किया।

'तीन पीढ़ी का प्यार भाजपा की असली ताकत है'

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि तीन पीढ़ी का प्यार भाजपा की असली ताकत है। उनकी सरकार में ही झालावाड़ में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य हुए हैं। राजे ने कहा कि झालावाड़ से उनका 35 साल का रिश्ता है। ऐसे में झालावाड़ के मतदाताओं ने उन्हें कभी निराश नहीं किया, जबकि कांग्रेस की सरकार के समय झालावाड़ के साथ दुर्भावना से काम किया। कांग्रेस सरकार में नेताओं ने केवल अपना पेट भरने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

क्या बोली वसुंधरा राजे?

झालावाड़ जिले के लोगों के साथ उनका (JP Nadda) तीन पीढ़ी से रिश्ता कायम हो गया है। अटल, आडवाणी, भैरोंसिंह शेखावत को याद करते हुए राजे ने कहा कि झालावाड़ की जनता से मिलाने के लिए भैरोंसिंह शेखावत ने ही उन्हें झालावाड़ भेजा था। तब से ही यह रिश्ता कायम है। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को रोजगार और किसानों की आय को लेकर काम कर रहे हैं।

'कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की है'

सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की है। हमने हमेशा जोड़ने का काम किया। झालावाड़-बारां की जनता के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत की तस्वीर बदल जाएगी। सभा में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी, ललित मीणा, गोविंद रानीपुरिया, कंवरलाल मीना, बारां जिलाध्यक्ष नंदलाल सुमन, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन, सभापति संजय शुक्ला, चेयरमैन वर्षा जैन भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।