H

Mumbai Billboard Collapse: 14 की मौत, कंपनी मालिक पर FIR, बिना परमिशन लगा था होर्डिंग

By: Richa Gupta | Created At: 14 May 2024 06:32 AM


महाराष्ट्र के मुंबई में घाटकोपर इलाके में हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। एक घायल की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

bannerAds Img
महाराष्ट्र के मुंबई में घाटकोपर इलाके में हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। एक घायल की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। वहीं 70 से ज्यादा घायलों की इलाज चल रहा है, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर है, लेकिन हादसे के बाद मुंबईवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पंतनगर पुलिस स्टेशन में एक्शन लेते हुए होर्डिंग लगाने वाली कंपनी एगो मीडिया के मालिक भावेश भिंडे के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

इन धाराओं में मामला दर्ज

भावेश भिंडे के खिलाफ IPC की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या), 338 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालकर गंभीर चोट पहुंचाना) और 337 (जल्दबाजी या लापरवाही से काम करके किसी अन्य व्यक्ति को चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि नगर निगम अधिकारियों ने बिलबोर्ड लगाने के लिए परमिशन नहीं दी थी। वह अवैध तरीके से लगाया गया था। ऐसे में अब भावेश के खिलाफ नगर निगम के द्वारा भी कार्रवाई की जाएगी।

NDRF ने जारी किया बयान

मुंबई के घाटकोपर इलाके में हुए हादसे को लेकर NDRF ने बयान जारी किया है। NDRF के असिस्टेंट कमांडेंट निखिल मुदहोलकर ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है। 2 टीमें तलाशी अभियान में जुटी हैं और अब तक 88 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। क्रेन डिप्लॉय की जा रही है, ताकि बैनर के गार्डर को उठाया जा सके। आशंका जताई जा रही है कि अभी भी कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। 14 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है।

मुआवजे की घोषणा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसास्थल का निरीक्षण करने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि लोगों को बचाना हमारी प्राथमिकता है। हादसे में जो लोग घायल हुए हैं, उनके इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।

एगो मीडिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी- मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

संबंधित अधिकारियों को मुंबई में लगे सभी होर्डिंग्स का ऑडिट करने का निर्देश देता हूं। मैंने खुद इस मामले में संज्ञान लिया है और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जो होर्डिंग गिरने से हादसा हुआ है, वह भी अवैध तरीके से लगाया गया था। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने साफ-साफ शब्दों में कह दिया है कि होर्डिंग लगाने वाली एगो मीडिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।