कमलनाथ का सीएम शिवराज पर निशाना, बोले- पहले वो बताएं 18 साल में उन्होंने क्या किया, फिर मैं बताऊंगा मैंने 15 महीनों में क्या किया
By: Richa Gupta | Created At: 01 November 2023 04:10 PM
मध्य प्रदेश में अब विधानसभा चुनाव में कुछ ही वक्त बचा है। ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां एढ़ी- चोटी का जोर लगा रही है। वहीं एक दूसरे पर वार पलटवार का दौर भी जारी है।

मध्य प्रदेश में अब विधानसभा चुनाव में कुछ ही वक्त बचा है। ऐसे में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां एढ़ी- चोटी का जोर लगा रही है। वहीं एक दूसरे पर वार पलटवार का दौर भी जारी है। इसी कड़ी में आज कमलनाथ ने सागर जिले के जैसीनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज पर जमकर निशाना साधा। इसी के साथ कमलनाथ ने सरकार बनने पर जैसीनगर को नगर परिषद बनाने की भी घोषणा की।
शिवराज सिंह के बारे में मैं क्या कहूं
कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि, शिवराज जी पहले आप बताइए 18 साल में क्या किया और फिर मैं बताऊंगा 15 महीनों में मैंने क्या किया। शिवराज सिंह के बारे में मैं क्या कहूं उनकी घोषणा मशीन 22 साल से चली आ रही है और 5 महीनों में तो डबल स्पीड से चल रही है। जहां नदी नहीं होती वहां ये पुल की घोषणा कर जाते हैं। ये शिवराज सिंह जी हैं।
बुंदेलखंड वीरों की भूमि है
कमलनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, बुंदेलखंड वीरों की भूमि है, सुर्खी जैसीनगर आया हूँ और यह भ्रष्ट्राचार और अत्याचार का केंद्र बन गया है। सभी कान खोलकर सुन लें कमलनाथ 2018 का मॉडल नहीं है 2023 का मॉडल है। 40 दिन बाद कमलनाथ की न्याय की चक्की चलेगी और जो भ्रष्ट्राचार और अत्याचार वाले थे वो सोच लें क्या-क्या होगा कैसे होगा।
शिवराज जी अच्छे एक्टर है
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने आगे कहा, शिवराज जी अच्छे एक्टर है ,उन्हें मुंबई जाकर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए। हर चुनाव अलग होता पर जो 17 तारीख को चुनाव है वो मध्यप्रदेश का भविष्य बनाने वाला चुनाव है। मैं राजा, महाराजा, मामा नहीं हूँ, मैं जनता से भाई का रिश्ता निभाऊंगा। जिनके भी मकान टूटे हैं ,उनके साथ न्याय होगा और फिर से उनका मकान बनाया जाएगा और उससे भी अच्छा मकान बनाया जाएगा।