अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, बोले - BJP लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 05 September 2023 09:58 AM
अखिलेश यादव ने कहा कि, बीजेपी को हार का डर सता रहा है। BJP लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। सत्ता के अहंकार में यह जनता के अधिकारों को छीन रही है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि, बीजेपी को हार का डर सता रहा है। उन्होंने कहा कि, BJP लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। सत्ता के अहंकार में यह जनता के अधिकारों को छीन रही है। पूरा देश इनके तानाशाही व्यवहार को देख रहा है। वहीं आगे सपा प्रमुख ने कहा कि, घोसी में वह चुनाव हार रही है, इसलिए समाजवादी पार्टी पर झूठे आरोप लगा रही है।
लोकतंत्र में वोट का अधिकार जनता का सबसे बड़ा अधिकार है
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक बयान में कहा कि, लोकतंत्र में वोट का अधिकार जनता का सबसे बड़ा अधिकार है। बीजेपी सरकार जनता के सर्वोच्च अधिकार को भी छीनकर तानाशाही सरकार की स्थापना करना चाहती है। उन्होंने दावा करते हुए आगे कहा कि, इस बार घोसी की जनता एकजुट होकर अपने वोट के अधिकार से लोकतंत्र विरोधी भाजपा को हराकर जवाब देगी।
बीजेपी घोसी उपचुनाव में तांडव कर रही है
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी घोसी विधानसभा उपचुनाव में तांडव कर रही है। पुलिस-प्रशासन को बीजेपी कार्यकर्ता की तरह प्रयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि, सरकार के इशारे पर पुलिस-प्रशासन सपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं को फर्जी तरीके से गिरफ्तार कर रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि, घोसी विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी मतदान के पूर्व पुलिस-प्रशासन के द्वारा मतदाताओं को डराने, धमकाने का काम कर सेवा नियमावली के विरूद्ध आचरण कर रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि किसी के दबाव में न आए। अपना वोट जरूर डालें।