H

Exit Poll के बाद अखिलेश यादव ने EVM पर उठाए सवाल, कहा - एग्जिट पोल की क्रोनोलॉजी समझिए...

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 02 June 2024 09:44 AM


अखिलेश यादव ने इंडी गठबंधन के कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि, इंडी गठबंधन के सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और प्रत्याशी ईवीएम की निगरानी में एक प्रतिशत भी चूक न करें।

bannerAds Img
लोकसभा चुनाव 2024 शनिवार को समाप्त हो गया है। वहीं 4 जून को परिणाम सबके सामने आएंगे। इसी के साथ तमाम सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल भी जारी कर दिए हैं। इन सर्वे के अनुसार, बीजेपी और NDA को बढ़त मिलती दिख रही है। वहीं एग्जिट पोल पर राजनीतिक दलों के नेताओं के बयान भी सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का EVM को लेकर बयान सामने आया है।

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कसा तंज

सोशल मीडिया साइट X अकाउंट पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा है कि, एग्जिट पोल की क्रोनोलॉजी समझिए। विपक्ष ने पहले ही घोषित कर दिया था कि भाजपाई मीडिया भाजपा को 300 पार दिखाएगा। जिससे घपला करने की गुंजाइश बन सके। आज का ये भाजपाई एग्जिट पोल कई महीने पहले ही तैयार कर लिया गया था। बस चैनलों ने चलाया आज है। इस एग्जिट पोल के माध्यम से जनमत को धोखा दिया जा रहा है। इस एग्जिट पोल को आधार बनाकर भाजपाई सोमवार को खुलने वाले शेयर बाज़ार से जाते-जाते लाभ उठाना चाहते हैं।”

Exit Poll को अखिलेश यादव ने बताया झूठा

अखिलेश यादव ने आगे अपने इस लेख में लिखा है कि, अगर ये एग्जिट पोल झूठे न होते और सच में भाजपा हार न रही होती तो भाजपावाले अपनों पर ही इल्ज़ाम न लगाते। भाजपाइयों के मुरझाए चेहरे सारी सच्चाई बयान कर रहे हैं। भाजपाई ये समझ रहे हैं कि पूरे देश का परिणाम चंडीगढ़ के मेयर के चुनाव की तरह बदला नहीं जा सकता है, क्योंकि इस बार विपक्ष पूरी तरह से सजग है और जनाक्रोश भी चरम पर है। भाजपा से मिले हुए भ्रष्ट अधिकारी भी सर्वोच्च न्यायालय की सक्रियता देखकर धांधली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं, साथ ही वो जनता के क्रोध का भी शिकार नहीं होना चाहते हैं।

चौकन्ने रहकर मतगणना कराएं - अखिलेश यादव

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आगे यह भी लिखा है कि, इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए लिखा “इंडिया गठबंधन के सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और प्रत्याशी ईवीएम की निगरानी में एक प्रतिशत भी चूक न करें। इंडिया गठबंधन जीत रहा है। इसीलिए चौकन्ने रहकर मतगणना कराएं और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही विजय का उत्सव मनाएं।