चुनावी मौसम में भारतीय जनता पार्टी की झूठ बोलने की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है - पीसीसी चीफ कमलनाथ
By: Richa Gupta | Created At: 08 November 2023 03:21 PM
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार जोरों पर है। इस दौरान कांग्रेस और बीजेपी के नेता एक-दूसरे पर मुद्दों को लेकर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार जोरों पर है। इस दौरान कांग्रेस और बीजेपी के नेता एक-दूसरे पर मुद्दों को लेकर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी कड़ी में पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कांग्रेस सरकार में किए गए कर्ज माफी को लेकर बीजेपी पर सियासी हमला बोला है।
27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया
कमलनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, चुनावी मौसम में भारतीय जनता पार्टी की झूठ बोलने की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। भाजपा के नेता पूरी बेशर्मी से सार्वजनिक मंचों से कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। लेकिन यह देखिए विधानसभा में कांग्रेस विधायक श्री बाला बच्चन के सवाल के जवाब में श्री शिवराज सिंह चौहान के कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने खुद स्वीकार किया है कि कांग्रेस सरकार ने करीब 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया।
कांग्रेस किसानों की पार्टी है और भाजपा सौदेबाजों की पार्टी
इस जवाब से यह भी स्पष्ट हो जाता है कि एक तरफ जहां कांग्रेस ने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया वहीं भाजपा ने सत्ता में आते ही किसानों की कर्ज माफी बंद कर दी। भाजपा और शिवराज सिंह चौहान किसानों के दुश्मन हैं। यह खुद तो किसानों की भलाई का कोई काम कर नहीं सकते और अगर कांग्रेस किसानों को कोई फायदा पहुंचाती है तो उसे बर्बाद करने में पूरी ताकत लगा देते हैं। जनता को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी किसानों से जो वादे करती है, उन्हें हर कीमत पर पूरा करती है और भारतीय जनता पार्टी आज चुनाव के समय जो वादे कर रही है, उन्हें कभी नहीं निभाएगी। कांग्रेस किसानों की पार्टी है और भाजपा सौदेबाजों की पार्टी है। 17 नवंबर को मध्य प्रदेश की जनता धोखेबाज भाजपा को सबक सिखाएगी।