H

उज्जैन में टूटेगा अयोध्या का रिकॉर्ड, शिप्रा तट पर एक साथ जगमगाएंगे 26 लाख से ज्यादा दीये

By: Richa Gupta | Created At: 25 March 2024 10:11 AM


उज्जैन में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनने जा रहा है। यह रिकॉर्ड एक ही जगह पर एक साथ सबसे ज्यादा दीये प्रज्जवलित करने का होगा।

bannerAds Img
उज्जैन में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनने जा रहा है। यह रिकॉर्ड एक ही जगह पर एक साथ सबसे ज्यादा दीये प्रज्जवलित करने का होगा। हिंदू नववर्ष की शुरुआत का दिन यानी गुड़ी पड़वा पर उज्जैन में शिप्रा तट पर एक साथ 26 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे। इसके लिए थोक में दीये, रुई, तेल, कपूर, माचिस का ऑर्डर दिया गया है। वहीं 22 हजार वॉलिंटियर की टीम तैयार की जा रही है।

शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव मनाया जाएगा

अवंतिका नगरी 9 अप्रैल को अयोध्या के 22.23 लाख दीपों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी कर रही है। गुड़ी पड़वा के मौके पर इस दिन उज्जैन में शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव मनाया जाएगा। जिसमें शिप्रा तट पर 26 लाख से ज्यादा दीये प्रज्जवलित करने की योजना है। तैयारी के लिए 30 लाख दीये, 50 हजार लीटर तेल, चार क्विंटल रुई, 550 किलो कपूर, 50 हजार मोमबत्ती और दस हजार माचिस का ऑर्डर दिया गया है। उज्जैन नगर निगम की ओर से 15 जिलों से दीये मंगवाए गए हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे।

चार एजेंसियों को जिम्मा सौंपा गया

इस मेगा कार्यक्रम को लेकर तैयारी जोरों पर हैं। चार एजेंसियों को काम का जिम्मा सौंपा गया है। दीप प्रज्जवलन कार्यक्रम के लिए 22 हजार वॉलिंटियर की ड्यूटी लगाई जाएगी। वॉलिंटियर की टीम गठित होना शुरू हो गई है। एक आंकलन के अनुसार दीप प्रज्जवलन पर 5 करोड़ रुपए का खर्चा आएगा।