Rajasthan Election 2023: भरतपुर में कांग्रेस ने नहीं खोले सारे पत्ते, 7 में से 5 पर ही उतारे प्रत्याशी, पूर्व विधायकों पर ही खेला दांव
By: payal trivedi | Created At: 01 November 2023 11:49 AM
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 (Rajasthan Election 2023) के लिए 30 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 6 नवंबर तक नामांकन फॉर्म भरे जाएंगे, लेकिन अभी भी भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी द्वारा राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं हुए हैं।

Jaipur: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 (Rajasthan Election 2023) के लिए 30 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 6 नवंबर तक नामांकन फॉर्म भरे जाएंगे, लेकिन अभी भी भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी द्वारा राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं हुए हैं। मंगलवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा 61 प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। भरतपुर जिले की 2 विधानसभा सीट बयाना-रूपवास और नदबई पर कांग्रेस पार्टी ने घोषित किए हैं। कांग्रेस पार्टी ने साल 2018 के विधानसभा चुनाव में जीतकर विधायक बने बयाना-रूपवास से अमर सिंह जाटव और नदबई विधानसभा सीट से बसपा से जीतकर कांग्रेस में आए जोगिंदर सिंह अवाना को फिर से अपना प्रत्याशी बनाया है।
भरतपुर और डीग जिले की 1-1 विधानसभा सीट की होल्ड
भरतपुर और डीग जिले की एक-एक विधानसभा सीट पर अभी कांग्रेस पार्टी ने कोई भी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। भरतपुर जिले की भरतपुर शहर विधानसभा सीट पर साल 2018 के चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल और कांग्रेस पार्टी का गठबंधन था और इस सीट से राष्ट्रीय लोकदल पार्टी के डॉ. सुभाष गर्ग विधायक बने थे। हालांकि अभी तक कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकदल पार्टी का गठबंधन इस सीट पर नहीं हो सका है, इसलिए अभी प्रत्याशी के नाम का ऐलान भी नहीं हुआ।
कामां का टिकट नही हुआ फाइनल
डीग जिले की कामां विधानसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी (Rajasthan Election 2023) की जाहिदा खान विधायक हैं और राजस्थान सरकार में राज्य मंत्री भी हैं, लेकिन इस बार जाहिदा खान का विरोध हो रहा है। विरोधी जाहिदा खान को टिकट नहीं देने की मांग करते हुए जयपुर और दिल्ली तक पहुंच चुके हैं। जाहिदा खान को टिकट नहीं देने की मांग पर प्रदर्शन भी किया गया है। इसको देखते हुए कामां का टिकट भी अभी फाइनल नहीं हुआ है।
कौन है नदबई विधायक जोगिंदर सिंह अवाना?
नदबई विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की है और उनकी उम्र लगभग 52 वर्ष बताई गई है। साल 2018 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर नदबई विधानसभा सीट पर इन्होंने चुनाव लड़ा था और जीत कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। अबकी बार फिर कांग्रेस पार्टी ने इन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। बयाना-रूपवास विधायक अमर सिंह जाटव ने सेकेंडरी तक की पढ़ाई की है और उन्होंने साल 2018 के विधानसभा चुनाव में बयाना-रूपवास सीट पर कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत कर विधायक बने थे। 60 वर्षीय अमर सिंह जाटव को कांग्रेस पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाकर फिर से चुनाव मैदान में उतारा है।