72 सीटों ने बढ़ाई धड़कन, यहां महिलाओं ने किया 80% से ज्यादा मतदान, दोनों दलों के अपने दावे
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में मतदान हो गया है। अब अलग-अलग अटकलें लग रही हैं। प्रदेश में महिलाओं ने बंपर मतदान किया है। प्रदेश की 230 सीटों में से 72 सीटों पर महिलाओं ने 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदान किया है। इन सीटों पर ही सबकी नजर रहने वाली है। महिलाओं के मतदान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के अपने-अपने दावे हैं। पिछले 2018 चुनाव के मतदान को देखें तो 41 सीटों पर महिलाओं ने 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदान किया था। इसमें से 27 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। वहीं, भाजपा को सिर्फ 12 और दो सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते थे। भाजपा को इन सीटों पर लाड़ली बहना योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है तो कांग्रेस भी अपनी नारी सम्मान योजना से उम्मीद लगाए बैठी है। हालांकि इस बार दोनों ही पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला है।