H

पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले - कांग्रेस की हुकूमत और सुल्तान के खिलाफ कोई एक शब्द नहीं बोल सकता

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 09 May 2024 12:51 PM


पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि, आखिर नरेंद्र मोदी का गुनाह क्या है, क्या उनका गुनाह यह है कि, वह सनातन की बात करते हैं? क्या उनका गुनाह यह है कि, अयोध्या में 500 साल के संघर्ष के बाद राम मंदिर बनवाया, करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान किया?

bannerAds Img
कांग्रेस से निलंबित नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। कल्कि पीठाधीश्वर ने कहा कि, अगर भारत में लोकतंत्र मर गया होता तो क्या आप हर रोज पीएम मोदी को गाली दे रहे होते। आचार्य ने आगे कहा कि, मैं अभी अबू धाबी दुबई से होकर आया हूं। वहां हुकूमत के खिलाफ, सुल्तान के खिलाफ, कोई एक शब्द नहीं बोल सकता है। अगर कोई ऐसा करता है तो उसे जेल में डाल दिया जाएगा। विश्वभर में भारत से अच्छा लोकतंत्र कहीं नहीं है। इसके साथ ही कृष्णम ने कहा कि, विपक्ष का वन प्वाइंट एजेंडा है कि, पीएम मोदी को गाली दो।

आखिर नरेंद्र मोदी का गुनाह क्या है?

कल्कि पीठाधीश्वर ने कहा कि, आखिर नरेंद्र मोदी का गुनाह क्या है, क्या उनका गुनाह यह है कि, वह सनातन की बात करते हैं? क्या उनका गुनाह यह है कि, अयोध्या में 500 साल के संघर्ष के बाद राम मंदिर बनवाया, करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान किया? क्या उनका गुनाह यह है कि, गल्फ कंट्री में मंदिर बनवाया? क्या उनका गुनाह यह है कि, पीएम 140 करोड़ लोगों को न्याय देने की बात करते हैं? क्या उनका गुनाह यह है कि, पीएम मोदी ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया है? क्या उनका गुनाह यह है कि, कोरोना काल में 150 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगवा दी?

यह कांग्रेस वो वाली कांग्रेस नहीं है

कांग्रेस से निलंबित नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा कि, यह जो कांग्रेस है, वह कांग्रेस नहीं रही है, जो पहले की कांग्रेस थी। आज जो हम कांग्रेस को देख रहे हैं, यह कांग्रेस का विकृत और बिगड़ा स्वरूप है। कल्कि पीठाधीश्वर ने कहा कि, आज कांग्रेसी होने का मतलब है जो देश के खिलाफ बोलता हो, उसे कांग्रेसी समझा जाता है। जो सनातन का विरोध करता है, उसे कांग्रेसी समझा जाता है। जो हिंदू नाम से चिढ़ता है, उसे कांग्रेसी समझा जाता है। जो राम के खिलाफ हो, उसे कांग्रेसी समझा जाता है। जो अयोध्या का विरोधी हो, उसे कांग्रेसी समझा जाता है, तो, यह कांग्रेस के बारे में जो लोगों का विचार बदला है, इसकी जिम्मेदारी किसकी है?