H

रोड शो में मुख्यमंत्री यादव बोले- पाकिस्तान की बात कर देश की जनता का अपमान कर रही कांग्रेस

By: Sanjay Purohit | Created At: 11 May 2024 07:32 AM


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कह कि कांग्रेस पार्टी चुनाव तो भारत में लड़ती है, लेकिन इनके लिए समर्थन पाकिस्तान से आता है।

bannerAds Img
लोकसभा चुनाव में इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए वोटों की घनघोर बारिश होने वाली है। प्रधानमंत्री जी बाबा महाकाल के पक्के और सबसे बड़े भक्त हैं। जो व्यक्ति भारत और भारत से बाहर अपने पराक्रम, पुरूषार्थ से बुलंदी को छुता है वह काम बाबा महाकाल के बिना नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की 140 करोड़ जनता के लिए जी रहे हैं। कांग्रेस पार्टी चुनाव तो भारत में लड़ती है, लेकिन इनके लिए समर्थन पाकिस्तान से आता है। पाकिस्तान की बात करके कांग्रेस पार्टी देश की जनता का अपमान कर रही है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया के समर्थन में शहर में आयोजित रोड शो के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।

गूंजे फिर एक बार मोदी सरकार के नारे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रोड शो के दौरान यात्रा मार्ग की दोनों तरफ की सड़कें पूरी तरह से भगवा रंग में रंगी नजर आईं। महिलाएं भगवा दुपट्टा, पुरुष और युवा केसरिया पगड़ी में हजारों की संख्या में मुख्यमंत्री का स्वागत करने पहुंचे थे। कुछ स्थानों पर सड़क के किनारे से ही मुख्यमंत्री की लोगों ने आरती की और कहीं साफा तो कहीं माला और धार्मिक पुस्तकें भेंटकर स्वागत किया। रोड शो में उमड़े जनसैलाब ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर पुष्पवर्षा कर फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार के नारे लगाते रहे। मुख्यमंत्री भी हजारों की संख्या में रोड शो में आए लोगों का अभिवादन करते रहे।