BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्ष को घेरा, बोले - सनातन का विरोध I.N.D.I.A. गठबंधन की सोची समझी रणनीति
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 12 September 2023 02:51 PM
नड्डा ने कहा कि, आज DMK के शिक्षा मंत्री पोनमुडी ने ये बात स्वीकार की है कि, I.N.D.I.A. गठबंधन का गठन ही सनातन धर्म के विरोध में किया गया है।

सनातन धर्म को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ता हा रहा है। इस विवाद में लगातार नए- नए नाम जुड़ते जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी सनातन धर्म पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर DMK को तो घेर ही रही है। साथ ही साथ वह कांग्रेस पर भी हमलावर हो रही है, क्योंकि कांग्रेस विधायक प्रियांक खड़गे ने भी सनातन पर टिप्पणी की है। वहीं बीजेपी ने आरोप लगाया है कि, सनातन धर्म का विरोध I.N.D.I.A. गठबंधन की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
सनातन का विरोध करने के लिए I.N.D.I.A. गठबंधन बना
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि, मुंबई में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की 2 दिवसीय बैठक हुई। उसके ठीक 2 दिन बाद DMK नेता उदयनिधि स्टालिन का सनातन धर्म को लेकर विवादित बयान आता है। उदयनिधि के बाद प्रियांक भी सनातन पर आघात पहुंचाते हैं। नड्डा ने कहा कि, आज DMK के शिक्षा मंत्री पोनमुडी ने ये बात स्वीकार की है कि, I.N.D.I.A. गठबंधन का गठन ही सनातन धर्म के विरोध में किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, ये सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है.
मोहब्बत की दुकान से बिक रहा नफरत का सामान
बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने कहा कि, कांग्रेस को I.N.D.I.A. गठबंधन को इस बयान पर अपना मत स्पष्ट करना चाहिए। इनको ( कांग्रेस ) बताना चाहिए कि, क्या संविधान में किसी धर्म के बारे में आपत्तिजनक बयान देने का अधिकार है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि, I.N.D.I.A. गठबंधन, कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ये बताना चाहिए कि, मोहब्बत की दुकान के नाम पर सनातन धर्म के खिलाफ नफरत का सामान क्यों बेचा जा रहा है। जगत प्रसाद नड्डा ने आगे आरोप लगाया कि, ये नफरत का एक मेगा मॉल सिर्फ सत्ता के लिए है। उनका एजेंडा बांटो और राज करो का है।