H

MP News: जबलपुर में आसमान छू रहीं लहसुन की कीमतें

By: Richa Gupta | Created At: 10 February 2024 05:13 AM


आम जनता को एक बार फिर से महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। इन दिनों लहसुन के दाम में आग लगी हुई है। जबलपुर जिले में लहसुन का फुटकर दाम 600 रुपए किलो तक पहुंच चुका हैं।

bannerAds Img
आम जनता को एक बार फिर से महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। इन दिनों लहसुन के दाम में आग लगी हुई है। जबलपुर जिले में लहसुन का फुटकर दाम 600 रुपए किलो तक पहुंच चुका हैं। हालात ये है कि अब लोग लहसुन लेने से कतराने लगे हैं, क्योंकि लहसुन के दाम रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। इसके साथ ही बाजार से लहसुन गायब भी होता जा रहा है। लोग तो यह भी कर रहे है कि लहसुन चिकन से भी महंगा हो गया है।

पुराने लहसुन का स्टॉक खत्म हो रहा

दरअसल, जबलपुर की मंडी में भी लहसुन के दामों में रोजाना ही इजाफा देखा जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि जहां थोक रेट में लहसुन 350 से 400 रुपए किलो तक बिक रहा है तो वहीं फुटकर बाजार में लहसुन के दाम 400 से 600 रुपए किलो तक पहुंच चुके हैं। व्यापारियों का मानना है कि अभी लहसुन के दामों में और भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। नया लहसुन बाजार में अभी तक आया नहीं है और पुराने लहसुन का स्टॉक खत्म हो रहा है।

इसलिए बाजार हो रहा प्रभावित

खुदरा व्यापारी अनुराग पटेल ने कहा कि अब ग्राहक भी लहसुन ना के बराबर खरीद रहा है, जिसकी वजह से बाजार प्रभावित हो रहा है। हालांकि, पिछले साल की बात करें तो लहसुन के दाम महज 60 से 80 रुपए रुपए किलो तक थे। लेकिन इस साल फसल कम होने से लहसुन के दामों ने नया रिकॉर्ड बना लिया है।

ड्राई फ्रूट के दाम पर लहसुन बिक रहा

वहीं, सब्जी मंडी पहुंचे मोहन ठाकुर का कहना है कि इस बार तो लहसुन के दाम चिकन से भी दुगने हो गए हैं। ऐसे में लहसुन खरीद पाना आम लोगों के बस की बात नहीं है। भानु चौधरी ने कहा कि ड्राई फ्रूट के दाम पर लहसुन बिक रहा है, जिसने किचन का बजट बिगाड़ दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते दामों को लेकर सरकार और प्रशासन को भी कोई कदम उठाना चाहिए।