पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया का बयान, बोले - योजनाओं का लाभ केवल BJP सरकार में ही मिल पाएगा
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 05 September 2023 11:28 AM
पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया का बयान, बोले - यदि अपने परिवार को बचाना है तो केवल भारतीय जनता पार्टी को वोट दें।

एमपी के गुना में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने बड़ा बयान दिया है। बीजेपी नेता ने कहा है कि, यदि अपने परिवार को बचाना है तो केवल भारतीय जनता पार्टी को वोट दें। योजनाओं का लाभ सिर्फ भारतीय जनता पार्टी सरकार में ही मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि, जब राज्य में कमलनाथ की सरकार थी तो महिलाओं के पोषण आहार के 1 हजार रुपये भी बंद कर दिए गए थे। इस कारण भी आप सभी को बीजेपी को वोट देना चाहिए। तभी तो सरकार की सभी योजनाओं का फायदा मिलेगा।
सिसोदिया ने महिलाओं को साड़ी तथा चप्पलें भी बांटी
आपको बता दें कि, सिंधिया समर्थक सिसोदिया बिजली सब स्टेशन का लोकार्पण करने के लिए आगरा गांव पहुंचे थे। यहां पंचायत मंत्री ने कहा कि, लोगों का उनके ऊपर एहसान था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने आगरा गांव में सब स्टेशन स्थापित कराया है। बीजेपी नेता ने बमोरी में 22 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य भी गिनाए। आगे उन्होंने कहा कि, बमोरी में सड़कों का जाल बिछाया गया है। साथ ही इस समारोह में सिसोदिया ने मौजूद महिलाओं को साड़ी तथा चप्पलें भी बांटी।
यहां 50 फीसदी की कमीशनबाजी चल रही है
पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के बयान पर आदिवासी संगठन जयस के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। जयस के जिलाध्यक्ष रणविजय भूरिया ने कहा कि, बमोरी में जमीनी हकीकत कुछ और है। विकास कार्यों को लेकर मंत्री के दावे झूठे हैं। यहां 50 फीसदी की कमीशनबाजी चल रही है। भूरिया ने कहा कि, मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया एवं उनकी सरकार झूठ का सहारा लेते हैं तथा जनता को गुमराह करते हैं। जनता सब जानती है।