H

Haryana Exit Polls में BJP का क्लीन स्वीप नहीं, जानें 10 एक्जिट पोल्स के आंकड़े क्या कहते हैं?

By: payal trivedi | Created At: 03 June 2024 03:55 AM


4 जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम आने वाले हैं। वहीं विभिन्न एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी कर दिए हैं। आंकड़ों के अनुसार NDA की सरकार बन रही है।

bannerAds Img
चंडीगढ़: 4 जून को लोकसभा चुनाव (Haryana Exit Polls) के परिणाम आने वाले हैं। वहीं विभिन्न एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी कर दिए हैं। आंकड़ों के अनुसार NDA की सरकार बन रही है। लेकिन हरियाणा के लोकसभा चुनाव में भाजपा को इस बार नुकसान होता दिख रहा है। बता दें कि 2019 में भाजपा ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीती थीं, लेकिन इस बार क्लीन स्वीप होता नजर नहीं आ रहा। सभी एग्जिट पोल्स का पोल देखें तो भाजपा हरियाणा में 7 सीटें जीत सकती है। अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर भाजपा की कम सीटें आने के पीछे की वजह क्या है। तो आपको बता दें कि इसके पीछे की बड़ी वजह किसानों की नाराजगी मानी जा रही है। इसके अलावा अग्निवीर स्कीम को भी इसके पीछे वजह माना जा रहा है। वहीं राज्य में एंटी इनकंबेंसी और किसानों की नाराजगी से बड़ी जीत की आस लगाए बैठी कांग्रेस को इससे बड़ा झटका लगा है। एग्जिट पोल्स के पोल में कांग्रेस 3 सीटें जीत सकती है। एग्जिट पोल के मुताबिक रोहतक और सिरसा सीट कांग्रेस जीत सकती है। सोनीपत सीट पर कांटे का मुकाबला है लेकिन कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी ये सीट जीत सकते हैं।

इसी को लेकर हरियाणा के पूर्व गृहमंत्री अनिल विज ने कहा- "जो एग्जिट पोल के आंकड़े आए हैं या आते हैं, वह नतीजों की दिशा तय करते हैं कि मतदाता किधर गया है। सारे एग्जिट पोल बता रहे हैं कि नरेंद्र मोदी एक बार फिर प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। लेकिन सीटों में सारे अलग-अलग बता रहे हैं। सीटें मैं बता रहा हूं, क्योंकि हमने चुनाव लड़ा है, सीटें 400 के पार जाएंगी, जो मोदी जी ने कहा था, वह सत्य होगा"। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा- "लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की लहर चल रही थी। कांग्रेस सभी 10 सीटें भी जीत सकती है। एग्जिट पोल में सब छलावा है, वह जनता पर विश्वास करते हैं।"

चलिए अब आपको बताते हैं कि हरियाणा में सभी 10 एक्जिट पोल में किसे कितनी सीटें मिल रही है...

1. इंडिया न्यूज-डी डायनामिक्स के मुताबिक हरियाणा में 7 सीटें भाजपा और 3 सीटें कांग्रेस जीत सकती है। इसमें कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्‌डा को रोहतक से, कुमारी सैलजा को सिरसा और सतपाल ब्रह्मचारी को सोनीपत से बढ़त दिखाई गई है। बाकी सभी 7 सीटों पर भाजपा की जीत का अनुमान लगाया गया है।

2. वहीं टाइम्स नाउ-ईटीजी रिसर्च के एग्जिट पोल के मुताबिक हरियाणा में BJP को 7 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को 1 से 3 सीटें मिल सकती हैं। अनुमान के मुताबिक भाजपा का वोट शेयर 10% गिरकर 48% के आसपास रह सकता है। कांग्रेस का वोट शेयर बढ़कर 41% हो सकता है। अन्य के हिस्से में 11% वोट शेयर आ सकता है।

3. रिपब्लिक-मैट्रिज और पी मार्क के मुताबिक भाजपा को 8 और AAP-कांग्रेस के I.N.D.I.A. ब्लॉक को 2 सीटें मिल सकती हैं।

4. न्यूज 24- टुडेज चाणक्य के एग्जिट पोल में हरियाणा में भाजपा को 10 सीटों में से 6 सीटों पर बढ़त मिली है। वहीं कांग्रेस 4 सीटों पर जीत सकती है।

5. जनादेश 2024- न्यूज नेशन सर्वे में हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में भाजपा को 7 सीटों पर बढ़त मिली है। वहीं कांग्रेस को 3 सीटों पर आगे बताया गया है।

6. इंडिया टीवी सीएनएक्स के मुताबिक भाजपा 6 से 8 सीट और कांग्रेस को 2 से 4 सीटें जीत सकती है।

7. SAAM-जन की बात के एग्जिट पोल भाजपा को 7 से 8, AAP-कांग्रेस के I.N.D.I.A. गठबंधन को 2 से 3 सीटों पर आगे दिखाया गया है।

8. न्यूज नेशन के मुताबिक हरियाणा में भाजपा 7 और कांग्रेस 3 सीटें जीत सकती है।

9. इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक हरियाणा में भाजपा को 6 से 8 और कांग्रेस को 2 से 4 सीटें मिल सकती हैं।

10. ABP-C वोटर के मुताबिक हरियाणा में भाजपा 4 से 6 और कांग्रेस को भी 4 से 6 सीटें मिल सकती हैं।

हरियाणा में इस बार मुख्य मुकाबला कांग्रेस (Haryana Exit Polls) और भाजपा के बीच ही रहा। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्य में I.N.D.I.A. अलायंस के तहत मिलकर चुनाव लड़ा। कांग्रेस ने 9 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे जबकि कुरुक्षेत्र सीट AAP को दी। वहां से पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता उम्मीदवार रहे। इस बार आम चुनाव में बाकी राज्यों की तरह हरियाणा में भी 2019 के मुकाबले 5.54% कम वोटिंग हुई। 2019 में 70.34% मतदान हुआ था जबकि इस बार यह आंकड़ा 64.80% रहा।