H

एमपी कांग्रेस में हड़कंपः 100 से अधिक कांग्रेस नेताओं को आयकर विभाग का नोटिस

By: Sanjay Purohit | Created At: 13 February 2024 05:57 AM


इनकम टैक्स विभाग अब मध्यप्रदेश में सक्रिय, कांग्रेस के 100 से अधिक नेताओं को भेजा नोटिस।

bannerAds Img
लोकसभा और राज्यसभा चुनाव के पहले आयकर विभाग सक्रिय हो गया है। इनकम टैक्स विभाग ने पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल, झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया, देवाशीष जरारिया समेत कई कांग्रेस नेताओं को नोटिस दिया है। विभाग ने प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं को समन भेजकर तलब किया है। इन नेताओं को 2014 से 2021 तक की कमाई- खर्च के हिसाब के साथ बुलाया गया है। भिंड से कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी देवाशीष जरारिया और विधायक विक्रांत भूरिया ने नोटिस मिलने की पुष्टि की है।

भाजपा की दबाव की राजनीति: कांग्रेस

एक के बाद एक नेताओं को आयकर विभाग से समन मिलने के कारण पार्टी में हड़कंप है। नोटिस पाने वाले नेता भोपाल से दिल्ली तक फोन घनघना रहे हैं। जानने का प्रयास कर रहे हैं कि आयकर विभाग अचानक सक्रिय क्यों हो गया है। प्रदेश कांग्रेस ने नेताओं को भरोसा दिलाया है कि समन से डरने की जरूरत नहीं है। यह भाजपा की दबाव की राजनीति है।

देवाशीष जरारिया का नाम संभावित लोकसभा प्रत्याशियों की सूची में

देवाशीष जरारिया ने बताया, उन्हें समन मिला है। 13 तारीख को हाजिर होने के लिए कहा गया है। केंद्र सरकार परेशान करने की नीयत से नोटिस जारी करवा रही है। मैं डरने वाला नहीं हूं। मालूम हो, संभावित लोकसभा प्रत्याशियों की सूची में जरारिया का नाम शामिल है। विधायक भूरिया को 21 फरवरी को तलब किया गया है।