H

उपराष्ट्रपति और खड़गे के बीच हुई तीखी बहस, जगदीप धनखड़ बोले - मैं चौधरी चरण सिंह का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 10 February 2024 09:10 AM


राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि, आपने चौधरी चरण सिंह का अपमान किया है, आपने उनकी विरासत का अपमान किया।

bannerAds Img
आज यानी की शनिवार को राज्यसभा में भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को लेकर सभापति जगदीप धनखड़ और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच तीखी बहस हो गई। इस दौरान जगदीप धनखड़ इतना नाराज हो गए कि, उन्होंने कहा कि, वे चौधरी चरण सिंह का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।

आपने चौधरी चरण सिंह का अपमान किया है

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य कांग्रेस नेताओं को संबोधित करते हुए राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि, आपने चौधरी चरण सिंह का अपमान किया है, आपने उनकी विरासत का अपमान किया। धनखड़ ने आगे कहा कि, भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के लिए आपके पास समय नहीं था। आज के दिन आप सदन में ऐसा माहौल बनाकर देश के हर किसान को आहत कर रहे हैं। हमारे सिर शर्म से झुक जाने चाहिए।

जगदीप धनखड़ विपक्ष पर बरसे

आगे जगदीप धनखड़ ने कहा कि, इस तरह की भाषा का इस्तेमाल मत करिए। मैं चौधरी चरण सिंह का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। उनका सार्वजनिक जीवन निष्कलंक रहा और उनका देश के किसानों के प्रति समर्पण भी निष्कलंक था। मैंने खुद अपनी आंखों से देखा है। दरअसल जयंत चौधरी राज्यसभा में बोलन के लिए खड़े हुए थे, इस पर खड़गे और अन्य विपक्षी सांसदों ने आपत्ति जताई कि, उन्हें किस नियम के तहत बोलने की इजाजत दी जा रही है।

चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलना पूरे देश का सम्मान है

वहीं सभापति जगदीप धनखड़ ने इस पर कहा कि, चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलना पूरे देश का सम्मान है, लेकिन उनके पोते जयंत चौधरी अभी सदन में मौजूद हैं और उनके लिए ये बहुत बड़े सम्मान की बात है, इसलिए उन्हें ( जयंत चौधरी ) बोलने की इजाजत दी गई, लेकिन इस पर भी विपक्षी सांसदों ने हंगामा जारी रखा और नारेबाजी की।