H

ममता बनर्जी ने उठाए टीम इंडिया की प्रैक्टिस जर्सी पर सवाल, बोलीं - सबकुछ भगवा रंग में रंगा जा रहा

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 18 November 2023 12:37 PM


TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि, BJP ने न केवल क्रिकेट टीम की जर्सी बल्कि मेट्रो स्टेशनों की पेंटिंग में भी भगवा रंग जोड़ दिया।

banner
सीएम ममता बनर्जी ने भारतीय टीम की जर्सी पर सवाल खड़े किए है। TMC प्रमुख ने इंडिया टीम की प्रैक्टिस सेशन के दौरान पहने जाने वाली जर्सी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि, सबकुछ गेरुआ रंग में रंगा जा रहा है। आपको बता दें कि, भारत की टीम की जर्सी वैसे तो नीली है, लेकिन प्रैक्टिस सेशन के दौरान वह पिछले कुछ समय से भगवा रंग की जर्सी पहने नजर आती है।

ममता बनर्जी ने क्या कहा?

TMC प्रमुख ने आरोप लगाया कि, BJP ने न केवल क्रिकेट टीम की जर्सी बल्कि मेट्रो स्टेशनों की पेंटिंग में भी भगवा रंग जोड़ दिया। ममता बनर्जी ने कहा कि, सब गेरुआ बना दिया। हमें अपनी टीम पर बहुत गर्व है और मुझे भरोसा है कि, टीम इंडिया वर्ल्ड कप की चैंपियन बनेगी। उसको भी गेरुआ बना दिया। पश्चिम बंगाल की सीएम ने अपने बयान में आगे कहा कि, हमारे लड़के अब भगवा रंग की जर्सी में प्रैक्टिस करते हैं, पहले वो नीला रंग पहनते थे। इतना ही नहीं मेट्रो स्टेशनों को भी भगवा रंग में रंग दिया गया।

ममता के बयान पर BJP का पलटवार

वहीं सीएम ममता के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने इसको लेकर कहा कि, कुछ दिनों में वह यह भी सवाल कर सकती हैं कि, हमारे राष्ट्रीय ध्वज में भगवा रंग क्यों है। बीजेपी नेता ने कहा कि, हम इस तरह के बयानों पर प्रतिक्रिया देना भी उचित नहीं समझते।