खड़गे का भाजपा पर हमला, बोले - पीएम मोदी कुर्सी नहीं छोड़ना चाहते, चुनाव से पहले...
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 30 August 2023 10:40 AM
जयराम रमेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले ही भारतीय जनता पार्टी को अपनी हार का अंदेशा हो गया है।

कांग्रेस ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर हमला किया है। कांग्रेस ने कहा कि, विपक्षी एकता की बैठकों और कर्नाटक विधानसभा में करारी हार से बीजेपी सचेत हो गई है, जिस वजह से उन्होंने एलपीजी की कीमतों को घटाया है। कांग्रेस ने आगे कहा कि, जनता को ऐसे और उपहारों की उम्मीद करनी चाहिए क्योंकि पीएम मोदी अपनी कुर्सी नहीं छोड़ना चाहते। वह इसके लिए बेताब हैं।
जब वोट घटने लगते हैं तो चुनावी सौगातें बांटने लगते हैं
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि, जब वोट घटने लगते हैं तो चुनावी सौगातें बांटने लगते हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा कि, लोगों की मेहनत की कमाई को लूटने वाली निर्दयी मोदी सरकार अब माताओं और बहनों के प्रति दिखावटी सद्भावना प्रकट करती है। उन्होंने अपने इस ट्वीट में आगे लिखा कि, साढ़े नौ साल तक सिलेंडर 1100 रुपये में बेचते वक्त, आम लोगों की जिंदगी को तबाह करते वक्त स्नेही उपहार क्यों नहीं सूझा। सरकार को पता होना चाहिए कि परेशान जनता का गुस्सा 2024 में 200 रुपये की सब्सिडी से कम नहीं हो सकता। कांग्रेस नेता ने कहा कि, जनता ने ठान लिया है कि, महंगाई को मात देने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना होगा।
तिनके का सहारा ले रही है बीजेपी - जयराम रमेश
वहीं जयराम रमेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले ही भारतीय जनता पार्टी को अपनी हार का अंदेशा हो गया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, मिस्टर मोदी एलपीजी की अचानक कटौती क्यों। भाजपा असल में तिनके का सहारा ले रही है।
रणदीप सुरजेवाला कसा केंद्र सरकार पर तंज
इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी केंद्र सरकार पर तंज भरे अंदाज में कहा कि, मोदी सरकार ने पहले एलपीजी की कीमते बढ़ाईं। साढ़े नौ वर्षों तक 31.37 करोड़ लोगों को लूटा है। जनता की जेब से बीजेपी ने 8.33 लाख करोड़ रुपये से अधिक की लूट की है। उन्होंने आगे कहा कि, चुनाव नजदीक आते ही भारतीय जनता पार्टी को माताओं-बहनों को तोहफा देना याद आ गया।