भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर एमपी कांग्रेस निकालेगी पदयात्रा
By: Richa Gupta | Created At: 07 September 2023 10:44 AM
7 सितंबर 2023 को भारत जोड़ो यात्रा की पहली सालगिरह है। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता देश भर में पैदल मार्च करने जा रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा के वर्षगांठ पर एमपी कांग्रेस पदयात्रा निकालेगी।

7 सितंबर 2023 यानी आज भारत जोड़ो यात्रा की पहली सालगिरह है। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता देश भर में पैदल मार्च करने जा रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा के वर्षगांठ पर एमपी कांग्रेस पदयात्रा निकालेगी। कांग्रेस की जिला यूनिट पदयात्रा निकालेगी। भोपाल में यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल होंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और विधायक पीसी शर्मा पद यात्रा में शामिल होंगे। पदयात्रा के जरिए घर-घर संपर्क साधने की कोशिश की जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की नाकामी और कमलनाथ के 11 वचन को घर-घर पहुंचाएंगे। शाम 5.30 बजे भोपाल के नर्मदा भवन से पद यात्रा शुरू होगी। दक्षिण पश्चिम विधानसभा के पंचशील नगर, डीसी होटल से होते हुए हर्षवर्धन नगर, राहुल नगर, मैनिट चौराहा, माता मंदिर, अंबेडकर नगर में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समापन किया जाएगा।
136 दिनों की यात्रा
पिछले वर्ष 7 सितम्बर 2022 को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ किया था, जो भारत के किसी भी राजनेता द्वारा अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा है। भारत जोड़ो यात्रा 4081 किलोमीटर, 12 राज्यों, दो केन्द्र शासित प्रदेश, 75 जिला और 76 लोकसभा क्षेत्रों की 136 दिनों की यात्रा में लोगों के बीच पहुंची थी।