H

राजस्थान के CM Bhajanlal बोले- ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाता है, कांग्रेस की नीयत ठीक नहीं थी, इसलिए जनता ने किनारे लगा दिया

By: payal trivedi | Created At: 22 March 2024 06:49 AM


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की हालत खराब है। कांग्रेस की नीति और नीयत ठीक नहीं थी, इसलिए जनता ने किनारे लगा दिया। आज दीवार लगा रहे हैं और लोग फांद-फांद कर आ रहे हैं।

bannerAds Img
Jaipur: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal) ने कहा कि कांग्रेस की हालत खराब है। कांग्रेस की नीति और नीयत ठीक नहीं थी, इसलिए जनता ने किनारे लगा दिया। आज दीवार लगा रहे हैं और लोग फांद-फांद कर आ रहे हैं। कांग्रेस आज 2-2 सीट के लिए क्षेत्रीय दलों से समझौते कर रही है। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी को लेकर कोटा में भाजपा क्लस्टर की बैठक में सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण दिया है। आतंकवाद को बढ़ावा देने का काम किया है। ये लोग झूठे वादे देते हैं। गरीबी हटाने का नारे देते आए, लेकिन आज भी गरीबी को नहीं समझते। पीएम नरेंद्र मोदी ने गरीबी हटाने का काम किया है। कांग्रेस के लोग झूठी अफवाह फैलाने में माहिर होते हैं।

'साल 2014 से पहले जमीन, आसमान और पाताल में घोटाले होते थे'

सीएम ने कहा- साल 2014 से पहले जमीन, आसमान और पाताल में घोटाले होते थे। आतंकवादी कहीं भी बम फोड़कर चले जाते थे। मोदी राज में आज ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाता है। एक गोली के बदले बड़ा गोला दागा जाता है। हम जनता से किया वादा पूरा करते हैं। जनता मोदी पर भरोसा करती है। हम पहले राष्ट्र, फिर पार्टी को मानते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी को तीसरी बार पीएम बनाना है।

'कांग्रेस ने 5 साल में कुछ काम नहीं किया' भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार को 96 दिन हुए हैं। कांग्रेस अपने घोषणा पत्र को देख ले। कांग्रेस ने 5 साल में कुछ काम नहीं किया। हमने तीन महीने में 45 प्रतिशत वादे पूरे किए। उन्होंने युवाओं के सपने तोड़ने का काम किया, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शेंगे नहीं। आज वही एसओजी, वही एसआईटी, वही अधिकारी हैं। अब क्या हो गया? हम युवाओं के सपनों को चूर-चूर नहीं होने देंगे। पेपर लीक मामले में एसआईटी ने 63 लोगों को गिरफ्तार किया। आगे भी जांच चलेगी। हम किसी को छोड़ने वाले नहीं हैं। कितना भी बड़ा व्यक्ति होगा, वह छूटेगा नहीं।

'मोदी सरकार जो कहती है, वो करती है'

सीएम ने कहा- डबल इंजन की सरकार (CM Bhajanlal) बनते ही ईआरसीपी का काम आगे बढ़ा है जबकि कांग्रेस इसे लटकाती रही। यही नहीं, कांग्रेस यमुना जल समझौता कर तीन जिलों में पानी नहीं पहुंचा सकी। हमने फाइलें निकलवाई तो पता लगा कि इस संबंध में कांग्रेस का एक पत्र नहीं मिला। हमने यमुना जल समझौता की डीपीआर का काम चालू कर दिया। मोदी सरकार जो कहती है, वो करती है। शिलान्यास भी करते हैं, बटन भी दबाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप कैमरे की नजर में हो। काम करने वालों को आगे आने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि जनसंघ का काम हाड़ौती की धरती से शुरू हुआ था। हाड़ौती ने लगातार विजय देने का काम किया है। भाजपा के कार्यकर्ता साल के 365 दिन काम करते हैं। लोकतंत्र को मजबूत करने का काम करते हैं। सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहली बार कोटा दौरे पर आए थे।

क्या बोले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला? बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा- भारत के लोकतंत्र और बीजेपी की ताकत है कि गांव का व्यक्ति सीएम बन सकता है। चाय बेचने वाला व्यक्ति पीएम बन सकता है। बिरला ने कहा कि हमने आर्टिकल 370 हटाने के लिए लंबा संघर्ष किया। संसद में बहस के दौरान कांग्रेस के पास तर्क नहीं था। फिर भी उन्होंने 370 हटाने पर विरोध किया। मोदी सरकार ने अंग्रेजों के कानून को बदला।

कांग्रेस के बड़े नेता चुनाव लड़ना नहीं चाहते

बिरला ने कहा कि एक समय था जब अमेरिका दुनिया का एजेंडा तय करता था। आज भारत दुनिया का एजेंडा तय करता है। उन्होंने कहा कि विचारधारा के आधार पर पार्टी खड़ी होगी तो कोई भी व्यक्ति पराजित नहीं होगा। व्यक्ति आएंगे, चले जाएंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस की हालत खराब है। कांग्रेस के बड़े नेता चुनाव लड़ना नहीं चाहते। जिस भी बड़े नेता के पास फोन जा रहा है, वह चुनाव लड़ने से मना कर रहा है। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सहित कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

क्या बोले सीपी जोशी?

प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि इस बार के चुनाव में कोटा, भीलवाड़ा और झालावाड़ इतिहास रचेगा। 2014 के बाद देश में बड़े बदलाव आए। आज रूस-यूक्रेन युद्ध में हिंदुस्तान के बच्चे सुरक्षित लौटकर आ जाएं, इसके लिए पीएम मोदी का एक फोन जाता है और साढ़े चार घंटे युद्ध विराम हो जाता है। लोग ईआरसीपी और यमुना जल समझौते के नारे लगाते-लगाते 30 साल तक राज में आ गए। हमने 3 महीने में समझौता कर दिया।

डिप्टी सीएम बोले- गुंजल भाजपा में वापस आएंगे

बैठक के बाद डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा (CM Bhajanlal) ने मीडिया से बात की। प्रहलाद गुंजल के बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने पर कहा- बीजेपी ने उन्हें बहुत दायित्व दिए थे। मुझे पूरा विश्वास है कि कुछ दिन बाद वे भाजपा में लौटकर आएंगे।

रूपेश शर्मा की घर वापसी

बीजेपी से बागी होकर बूंदी से निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़े रूपेश शर्मा ने घर वापसी की है। कोटा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने रूपेश शर्मा को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।