Assembly Election 2023: MP विधानसभा चुनाव 2023 में बीजेपी की विजय सुनिश्चित है - केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि, इस बार का चुनाव एक तरफा भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है। मध्य प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है।
ग्वालियर - विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की एमपी की राजधानी भोपाल में होने वाली पहली संभावित रैली पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि,
I.N.D.I.A. अलायंस के लोग जरूर प्रचार करें। हमें और सबको आश्चर्य हो रहा है, यहां चुनाव चल रहे हैं, चुनाव में सब लोग व्यस्त हैं, चुनाव का माहौल है और उनके जो युवा युवराज नेता हैं वो तो विदेश में बैठे हैं। वो तो एक आध कार्यक्रम दिन में करते हैं। वह भी दो दिन पहले तक कर रहे थे, आजकल तो पता ही नहीं कहां लापता हैं। मुझे लगता है कि, इस गठबंधन की जो हालत है वह आपने कल देखा है। ये तो यूपीए गठबंधन से भी गड़बड़ है।
आगामी चुनाव में बीजेपी जीतेगी
वहीं साल 2018 के चुनाव में मिली शिकस्त के बाद भाजपा इस बार मध्य प्रदेश में क्या कमाल करेगी इस सवाल पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि, इस बार का चुनाव एक तरफा भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है। मध्य प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है, भारतीय जनता पार्टी और कमल को अपना आशीर्वाद देने के लिए। उन्होंने आगे कहा कि, मैं समझता हूं कि, इस बार भारतीय जनता पार्टी की विजय सुनिश्चित है।
गठबंधन I.N.D.I.A.की पहली रैली भोपाल में होगी
आपको बता दें कि, हाल ही में शरद पवार के आवास पर विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A.की बैठक में विपक्षी दलों के नेताओं ने सीटों के बंटवारे से लेकर कई मुद्दों पर चर्चा की है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बैठक के बाद बताया था कि, I.N.D.I.A. गठबंधन ने देश के अलग-अलग राज्यों में संयुक्त सार्वजनिक रैली करने का फैसला लिया है। विपक्षी गठबंधन की पहली संयुक्त सार्वजनिक रैली अक्टूबर के पहले सप्ताह में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में होगी। इसमें भाजपा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई प्रमुख मुद्दे होंगे।