UP NEWS: सपा दलित हित नहीं बल्कि वोटों की राजनीति करती है - डिप्टी CM ब्रजेश पाठक
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 01 September 2023 12:34 PM
बीजेपी नेता ब्रजेश पाठक ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि, तब लोग कहने लगे थे कि, समाजवादी पार्टी का नारा है, खाली प्लॉट हमारा है।

UP में मऊ जिले की घोसी विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दोनों पार्टियों ने जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जहां बीजेपी ने अपने उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को जिताने के लिए भाजपा के कद्दावर नेताओं के साथ विधायक और मंत्रियों का घोसी विधानसभा में जमावड़ा लगा हुआ है। वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह को जिताने के लिए सपा के नेताओं के साथ कांग्रेस और स्वाभिमान पार्टी के नेता भी मैदान में उतर चुके हैं।
योगी सरकार में माफिया कांप रहे हैं
इस बीच सूबे के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। बीजेपी नेता ने कहा कि, समाजवादी पार्टी सदैव दलितों का शोषण करती है। उन्होंने ने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि, पहले गुंडाराज था। प्रदेश में माफिया राज करते थे, लेकिन योगी सरकार में माफिया कांप रहे हैं। हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, प्लॉट और दुकान पर कब्जा करना उनके (सपा) शासन काल की पहचान थी।
सपा ने सदैव दलित समाज का अपमान किया है
बीजेपी नेता ब्रजेश पाठक ने इस दौरान सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि, तब लोग कहने लगे थे कि, समाजवादी पार्टी का नारा है, खाली प्लॉट हमारा है। इस दौरान पाठक ने जनता से भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को जिताने की अपील की। डिप्टी सीएम ने कहा कि, सपा दलित हित नहीं बल्कि वोटों की राजनीति करना जानती है। समाजवादी पार्टी ने सदैव दलित समाज का अपमान किया है। उनके नेताओं को दलितों से नहीं सिर्फ उनके वोटों से मतलब है।
सपा दलित महापुरुषों का भी अपमान करती है
यहां पत्रकारों से बात करते हुए बीजेपी के सीनियर नेता ने कहा कि, समाजवादी पार्टी दलित महापुरुषों का भी अपमान करती है। डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के लिए काम किया। उनके जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनकी जन्मस्थली को तीर्थ स्थल घोषित किया एवं तमाम अन्य योजनाएं भी शुरू कीं।