MP Elections: कांग्रेस ने 4 सीटों पर बदले प्रत्याशी, सीएम शिवराज सिंह ने कसा तंज, बोले- अब ये टिकट बदल पार्टी बन गई है
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 26 October 2023 10:52 AM
कांग्रेस ने 4 विधानसभा क्षेत्रों से अपने प्रत्याशियों में संशोधन किया है। जिस पर सीएम शिवराज सिंह ने कटाक्ष किया है।

MP Elections: एमपी विधानसभा चुनाव के लिए मंच सज चुका है। बीजेपी और कांग्रेस समेत तमाम दलों ने अपनी-अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर रखा है। भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों की लिस्ट भी जारी कर दी है। हालांकि, अब कांग्रेस ने 4 विधानसभा क्षेत्रों से अपने प्रत्याशियों में संशोधन किया है। जिस पर सीएम शिवराज सिंह ने कटाक्ष किया है।
कांग्रेस के 4 सीट पर बदले प्रत्याशी
एमपी कांग्रेस की ओर से जारी की गई जानकारी के अनुसार, पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर 4 सीटों पर प्रत्याशी बदल दिए हैं। पार्टी ने सुमावली सीट से कुलदीप सिकरवार का टिकट काटकर, अजब सिंह कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पिपरिया सीट से गुरु चरण खरे को भी ड्रॉप कर दिया गया है। कांग्रेस ने इनकी जगह वीरेंद्र रघुवंशी को टिकट दिया है। बडनगर से राजेंद्र सिंह सोलंकी की जगह अब मुरली मोरवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा जावरा से हिम्मत श्रीमाल की जगह वीरेंद्र सिंह सोलंकी को टिकट दिया गया है।
कांग्रेस पर शिवराज सिंह का निशाना
कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनाव से पहले घोषित किए गए प्रत्याशियों को बदलने के कदम पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा है। सीएम ने कहा कि, अब कांग्रेस टिकट बदल कांग्रेस बन गई है। कांग्रेस ने घबराकर कई जगह टिकटों में बदलाव किया है। कांग्रेस की हालत बहुत ही अजब-गजब हो गई है। सीएम शिवराज ने आगे कहा कि, बीजेपी को जनसमर्थन मिल रहा है और हम लोग जनता के सहारे आगे बढ़ रहे हैं।