H

गिरिराज सिंह का सीएम नीतीश कुमार को खुला चैलेंज, बोले - हिम्मत है तो बनारस चलें...

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 31 October 2023 02:57 PM


गिरिराज सिंह ने कहा कि, एक समाज के लोगों को तुष्टिकरण के तहत समर्थन दिया जा रहा है तो दूसरी तरफ सनातन तथा हिंदू देवी देवताओं को अपमानित किया जा रहा है।

banner
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश के फूलपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। जब से ये ऐलान हुआ तब से बिहार में सियासी हलचल बढ़ गई है। चिराग पासवान के बाद भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता गिरिराज सिंह ने बिहार से बाहर चुनाव लड़ने को लेकर नीतीश कुमार पर जुबानी हमला किया है।

गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश को दी चेतावनी

भाजपा के फायर ब्रांड लीडर गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश कुमार को चेतावनी भी दी है। सिंह ने कहा कि, नीतीश कुमार चाहें तो 20 सीट से चुनाव लड़ लें। मगर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। यदि उनमें हिम्मत है तो बनारस लोकसभा सीट पर अपनी ताकत आजमा लें। उन्होंने कहा कि, नीतीश जी यदि नालंदा से भी चुनाव लड़ कर जीत लें तो उनका लोहा मान लेंगे। देश की जनता नीतीश कुमार को पहचान चुकी है। बिहार के लोग उनके नस-नस को समझते हैं। जनता ने मूड बना लिया है कि उन्हें इस बार चारों खाने चित कर दिया जाएगा।

बदमाशों का बोलबाला बढ़ गया है

बीजेपी के सीनियर नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि, नीतीश सरकार में बिहार के विधि व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, बदमाशों का बोलबाला बढ़ गया है। एक समाज के लोगों को तुष्टिकरण के तहत समर्थन दिया जा रहा है तो दूसरी तरफ सनातन तथा हिंदू देवी देवताओं को अपमानित किया जा रहा है। वोट के लिए नीतीश जी तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं।