सितंबर में राहुल गांधी रहेंगे यूरोप दौरे पर, विश्वविद्यालय में छात्रों को कर सकते हैं संबोधित
By: Richa Gupta | Created At: 29 August 2023 02:14 PM
कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले महीने यूरोप की यात्रा पर जा सकते हैं। इस दौरान वो बेल्जियम में यूरोपीय आयोग के सांसदों से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित भी कर सकते हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले महीने यूरोप की यात्रा पर जा सकते हैं। इस दौरान वो बेल्जियम में यूरोपीय आयोग के सांसदों से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित भी कर सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस नेता के सितंबर की शुरुआत में ओस्लो में एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित करने की भी संभावना है। राहुल की यात्रा ऐसे वक्त में होने के आसार हैं जब राष्ट्रीय राजधानी में 9 और 10 सितंबर को जी-20 की बैठक होनी है।
राहुल का नॉर्वे जाने का कार्यक्रम
सूत्रों ने कहा कि राहुल के सितंबर के पहले सप्ताह में पेरिस रवाना होने की संभावना है। राहुल गांधी 5 दिन के दौरे पर जा सकते हैं। वह 7 सितंबर को ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ के सदस्यों के साथ एक बैठक में हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी 8 सितंबर को पेरिस के एक विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित करेंगे और वहां व्याख्यान देंगे। इसके बाद 9 सितंबर को उनका पेरिस में फ्रांस के श्रमिक संघ की बैठक में भी भाग लेने का कार्यक्रम है। फिर राहुल का नॉर्वे जाने का कार्यक्रम है जहां वह 10 सितंबर को भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी ने लंदन का दौरा किया था
अमेरिकी दौरे से पहले इसी साल राहुल गांधी ने लंदन का दौरा भी किया। लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में एक भाषण के बाद राहुल गांधी की विदेश यात्रा हमेशा से निशाने पर रही है, जहां उन्होंने कहा था कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और ये खतरे में है।