H

चुनाव के नतीजे देख फिर डोला छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहाके का मन, करेंगे भाजपा का रुख!

By: Sanjay Purohit | Created At: 06 June 2024 07:23 AM


मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव के नतीजे आने व कमलनाथ के सांसद पुत्र नकुलनाथ की हार के बाद महापौर विक्रम अहाके का मन फिर डोल रहा है। वे भाजपा का रुख कर सकते हैं।

bannerAds Img
मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा से महापौर विक्रम अहाके फिर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने इसके संकेत दिए हैं। लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 29 सीटों पर भाजपा ने क्लीन स्वीप किया है। पिछले चुनाव में एकमात्र छिंदवाड़ा सीट, जो कांग्रेस के पास थी उसे भी भाजपा ने जीत लिया है। नतीजे देख अहाके का मन फिर डोल रहा है। छिंदवाड़ा सीट पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ मानी जाती थी। इसको जीतने के लिए भाजपा ने भी पूरा जोर लगा दिया था। पहले तो उनके करीबी और रणनीतिकारों को ही तोड़ लिया। फिर चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा दिया। इस बीच कमलनाथ के करीबी माने जाने वाले छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहाके भी उनका साथ छोड़ कर भाजपा में पहुंच गए थे, लेकिन मतदान के दिन उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील कर भाजपा को चौंका दिया था। अब नतीजे आने व कमलनाथ के सांसद पुत्र नकुलनाथ की हार के बाद महापौर विक्रम अहाके का मन फिर डोल रहा है। वे भाजपा का रुख कर सकते हैं।